दिल्ली पुलिस को मिला नया कमिश्नर, अनुराग कुमार ने संभाली कमान

SHARE:

राजधानी दिल्ली की कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी अब आईपीएस अधिकारी अनुराग कुमार के हाथों में होगी। केंद्र सरकार ने उन्हें दिल्ली पुलिस का नया पुलिस आयुक्त (कमिश्नर) नियुक्त किया है। गृह मंत्रालय की ओर से जारी आदेश के अनुसार, 1994 बैच के AGMUT कैडर के अधिकारी अनुराग कुमार तत्काल प्रभाव से यह जिम्मेदारी संभालेंगे।

सरकार ने स्पष्ट किया है कि अनुराग कुमार अगले आदेश तक दिल्ली पुलिस के आयुक्त पद पर कार्यरत रहेंगे। उनकी नियुक्ति सक्षम प्राधिकारी की मंजूरी के बाद की गई है।

वहीं, मौजूदा पुलिस आयुक्त सतीश गोलचा को नए पुलिस आयुक्त के कार्यभार संभालने के बाद आगे की तैनाती के लिए दिल्ली के उपराज्यपाल को रिपोर्ट करने के निर्देश दिए गए हैं।

दिल्ली पुलिस के नए प्रमुख के रूप में अनुराग कुमार के सामने राजधानी में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करना, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण, साइबर अपराध से निपटना, महिलाओं की सुरक्षा बढ़ाना और पुलिसिंग को अधिक आधुनिक एवं प्रभावी बनाना जैसी महत्वपूर्ण चुनौतियां होंगी। उनकी नियुक्ति को दिल्ली पुलिस के लिए एक अहम प्रशासनिक बदलाव माना जा रहा है।

Kinni Times
Author: Kinni Times