हरियाणा के गुरुग्राम में पुलिस ने एक बड़ी आपराधिक वारदात को समय रहते नाकाम कर दिया। रंगदारी नहीं मिलने पर एक प्रॉपर्टी कारोबारी की हत्या करने पहुंचे पांच शूटरों का पुलिस से आमना-सामना हो गया। दोनों ओर हुई मुठभेड़ में चार बदमाश मारे गए, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। इस कार्रवाई के दौरान तीन पुलिसकर्मी भी गोली लगने से घायल हुए हैं।
पुलिस के अनुसार, निशाने पर प्रॉपर्टी कारोबारी विशाल बेरी थे। शुरुआती जांच में सामने आया है कि विदेश में बैठकर गैंग संचालित करने वाले गैंगस्टर दीपक नांदल के इशारे पर शूटर वारदात को अंजाम देने आए थे। बताया जा रहा है कि रंगदारी की मांग पूरी नहीं होने के बाद आरोपियों ने कारोबारी के घर और आसपास अंधाधुंध फायरिंग कर दहशत फैलाने की कोशिश की।
घटना की सूचना मिलते ही क्राइम ब्रांच और स्थानीय पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच गईं और पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी। इसके बाद बदमाशों और पुलिस के बीच हुई मुठभेड़ में चार शूटर मारे गए, जबकि एक को घायल अवस्था में पकड़ लिया गया।
जानकारी के मुताबिक, देर रात काले रंग की स्कॉर्पियो में सवार पांच हथियारबंद बदमाश कारोबारी के घर पहुंचे थे। वाहन की नंबर प्लेट को काली टेप से ढका गया था ताकि पहचान छिपाई जा सके। तीन बदमाश गाड़ी से उतरकर घर पर लगातार गोलियां चलाने लगे, लेकिन पुलिस की त्वरित कार्रवाई से उनकी पूरी योजना विफल हो गई।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। घायल आरोपी से पूछताछ की जाएगी ताकि गैंग से जुड़े अन्य लोगों और साजिश के पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा सके।
यह भी पढे
कैमरों की आड़ में जेबों में भरते थे नोट https://kinnitimes.com/?p=31134








