देशभर में मानसून का असर अलग-अलग राज्यों में अलग तस्वीर पेश कर रहा है। कहीं मूसलाधार बारिश और बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं, तो कहीं मानसून की रफ्तार धीमी पड़ गई है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने सोमवार को बिहार, उत्तर प्रदेश, पूर्वोत्तर राज्यों और हिमालयी क्षेत्रों समेत कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार, बिहार, उत्तर प्रदेश, झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कई इलाकों में भारी बारिश होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर तेज हवाओं के साथ आंधी और बिजली गिरने की भी चेतावनी दी गई है।
दिल्ली-एनसीआर में कैसा रहेगा मौसम?
दिल्ली-एनसीआर में फिलहाल भारी बारिश की संभावना नहीं जताई गई है। हालांकि, दिनभर बादल छाए रहने और कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है, जिससे लोगों को उमस से राहत मिलने की उम्मीद है।
राजस्थान में कमजोर रहेगा मानसून
मौसम विभाग का कहना है कि राजस्थान में आने वाले दिनों में मानसून की गतिविधियां कमजोर रह सकती हैं। राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है, जबकि कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश हो सकती है। पश्चिमी राजस्थान में तेज धूलभरी हवाएं चलने की भी आशंका जताई गई है।
पहाड़ी और पूर्वोत्तर राज्यों में ज्यादा सतर्क रहने की सलाह
हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में अगले तीन से चार दिनों तक भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है। वहीं, बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी तेज बारिश की संभावना के चलते स्थानीय प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
लोगों के लिए IMD की सलाह
मौसम विभाग ने भारी बारिश वाले इलाकों में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। लगातार बारिश के कारण जलभराव, स्थानीय बाढ़, भूस्खलन और यातायात बाधित होने जैसी समस्याएं पैदा हो सकती हैं। ऐसे में आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।
यह भी पड़े
दान में कथित गड़बड़ी पर आज सुप्रीम कोर्ट में होगी अहम सुनवाई https://kinnitimes.com/?p=31168








