उत्तर भारत में 12 जनवरी को ठंड अपने चरम पर पहुंच सकती है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक कई इलाकों में तापमान लुढ़ककर 2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की आशंका है। इसी को देखते हुए मौसम विभाग ने राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और हिमाचल प्रदेश समेत कई राज्यों के लिए शीतलहर का अलर्ट जारी किया है।
उत्तर-पश्चिम भारत में बर्फीली हवाओं और गिरते तापमान के कारण जनजीवन प्रभावित होने की संभावना है। लोगों को सुबह और रात के समय खास सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
दिल्ली में बढ़ेगी ठिठुरन
राजधानी दिल्ली में न्यूनतम तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। IMD का कहना है कि उत्तर से आने वाली सर्द हवाओं का असर गुजरात के कच्छ से लेकर पंजाब और राजस्थान तक देखने को मिल सकता है।
यूपी-बिहार में घना कोहरा
उत्तर प्रदेश और बिहार में घने से बहुत घने कोहरे की चेतावनी जारी की गई है। इससे दृश्यता काफी कम हो सकती है, जिसका असर सड़क और रेल यातायात पर पड़ सकता है।
दक्षिण भारत में अलग मिजाज
जहां उत्तर भारत ठंड से कांप रहा है, वहीं तमिलनाडु, केरल और कर्नाटक के कुछ हिस्सों में बादल छाए रहने के आसार हैं।
आगे बदल सकता है मौसम का रुख
स्काईमेट वेदर के अनुसार, मौजूदा ला नीना की स्थिति 2026 की शुरुआत में समाप्त हो सकती है। इसके बाद साल के अंत तक अल नीनो की वापसी संभव है, जिसका असर देशभर के मानसून और बारिश के पैटर्न पर पड़ सकता है।








