ठिठुरती दिल्ली, 2 डिग्री तक लुढ़क सकता है पारा; घना कोहरा और जहरीली हवा बनी मुसीबत

SHARE:

देशभर में सर्दी का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है। राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में बर्फीली हवाओं के चलते तापमान तेजी से गिर रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने सोमवार, 12 जनवरी के लिए शीतलहर का अलर्ट जारी किया है। अनुमान है कि दिल्ली-एनसीआर में न्यूनतम तापमान गिरकर 2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

कोहरे ने थामी रफ्तार
दिल्ली-एनसीआर में घना कोहरा लोगों की परेशानी बढ़ा रहा है। सुबह के समय कई इलाकों में विजिबिलिटी बेहद कम रही, जिससे हाईवे पर वाहन रेंगते नजर आए। कोहरे का असर रेल और हवाई सेवाओं पर भी पड़ा है, कई ट्रेनें देरी से चल रही हैं और उड़ानों के संचालन में भी बाधा आई है।

प्रदूषण ने बढ़ाई चिंता
ठंड के साथ-साथ प्रदूषण ने भी दिल्लीवालों की मुश्किलें दोगुनी कर दी हैं। सोमवार सुबह सात बजे दिल्ली का औसत AQI 325 के पार रिकॉर्ड किया गया, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आता है। जहरीली हवा के कारण लोगों को सांस लेने में दिक्कत, आंखों में जलन और गले में खराश जैसी समस्याएं हो रही हैं।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार,

आनंद विहार का AQI 329

बवाना 310

द्वारका 324

जहांगीरपुरी 327

मुंडका 339 (सबसे खराब)

रोहिणी 308

वजीरपुर 312

वहीं IGI एयरपोर्ट पर AQI 221 दर्ज किया गया। दिल्ली से सटे शहरों की बात करें तो गाजियाबाद में 210, नोएडा में 286 और गुरुग्राम में AQI 322 रिकॉर्ड किया गया।

स्वास्थ्य को लेकर चेतावनी
विशेषज्ञों का कहना है कि 300 से ऊपर का AQI स्वास्थ्य के लिए बेहद खतरनाक है। लोगों को सलाह दी गई है कि बाहर निकलते समय N95 मास्क का इस्तेमाल करें और अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचें।

ठंड और बढ़ने के आसार
मौसम विभाग के अनुसार, राजधानी में न्यूनतम तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। शीतलहर के असर से आने वाले घंटों में दिल्ली की ठंड और ज्यादा बढ़ने की संभावना है।

Kinni Times
Author: Kinni Times

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *