केंद्रीय शिक्षा मंत्री पद से धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उनकी सराहना करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी में पद से अधिक देश और युवाओं का हित महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि सरकार छात्रों की भावनाओं का सम्मान करती है और परीक्षा प्रणाली में सुधार के लिए प्रतिबद्ध है।
अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा इस बात का प्रमाण है कि भाजपा के लिए राष्ट्र और युवा पीढ़ी सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार पेपर लीक जैसी घटनाओं पर सख्त रुख अपनाए हुए है और दोषियों को कड़ी सजा दिलाने के लिए आवश्यक कदम उठा रही है।
उन्होंने विश्वास जताया कि सरकार द्वारा किए जा रहे सुधारों से परीक्षा प्रणाली अधिक पारदर्शी बनेगी और नीट सहित अन्य परीक्षाओं में सफल विद्यार्थियों के साथ न्याय सुनिश्चित होगा।
गृह मंत्री ने अपने संदेश में धर्मेंद्र प्रधान के कार्यकाल की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति के प्रभावी क्रियान्वयन, मातृभाषाओं में परीक्षाओं की व्यवस्था, पीएम श्री विद्यालयों के विस्तार, डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा, कौशल विकास और उद्योग-अकादमिक सहयोग को मजबूत करने जैसे कई महत्वपूर्ण कदम उनके कार्यकाल में उठाए गए।
गौरतलब है कि देशभर में छात्रों के विरोध-प्रदर्शनों के बीच धर्मेंद्र प्रधान ने शनिवार को केंद्रीय शिक्षा मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। उनके इस्तीफे के बाद सरकार की ओर से यह पहली बड़ी राजनीतिक प्रतिक्रिया मानी जा रही है।








