कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भगवान शिव और माता पार्वती की तस्वीर वाली सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर राजनीतिक विवाद शुरू हो गया है। राहुल गांधी ने इस तस्वीर के जरिए प्रेम, सम्मान और बराबरी के रिश्ते का संदेश देने की कोशिश की थी। अब बीजेपी ने उनकी पोस्ट पर सवाल उठाते हुए इतिहास का जिक्र किया है।
बीजेपी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि राहुल गांधी ने कर्नाटक के हलेबीडु मंदिर की तस्वीर साझा की है, इसलिए उन्हें बताना चाहिए कि होयसल साम्राज्य की राजधानी द्वारसमुद्र को हलेबीडु यानी पुरानी राजधानी क्यों कहा जाने लगा।
बीजेपी ने दावा किया कि साल 1311 में अलाउद्दीन खिलजी के सेनापति मलिक काफूर और 1326-27 में मुहम्मद बिन तुगलक की सेना ने इस ऐतिहासिक शहर को लूटा और बर्बाद किया था। पार्टी ने राहुल गांधी से पूछा कि क्या वह इन आक्रमणों की निंदा करेंगे।
बीजेपी ने मंदिर में देवी-देवताओं की खंडित मूर्तियों का भी जिक्र करते हुए सवाल किया कि आखिर इन मूर्तियों को किसने नुकसान पहुंचाया था। अपने पोस्ट के आखिर में बीजेपी ने ‘सत्यम शिवम सुंदरम’ का जिक्र करते हुए राहुल गांधी पर तंज कसा।
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, सोनिया गांधी की किताब ‘Belonging’ के विमोचन कार्यक्रम में राहुल गांधी ने अपने माता-पिता के रिश्ते से जुड़ा एक किस्सा साझा किया था। उन्होंने बताया था कि उनकी मां सोनिया गांधी अक्सर खाने के समय राजीव गांधी की गोद में बैठ जाया करती थीं। इस बयान को लेकर सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाएं सामने आईं।
इसके बाद राहुल गांधी ने भगवान शिव और माता पार्वती की तस्वीर साझा की। यह तस्वीर कर्नाटक के हलेबीडु मंदिर की बताई जा रही है। राहुल गांधी ने इसके जरिए रिश्तों में प्रेम और बराबरी का संदेश देने की कोशिश की थी। अब इसी पोस्ट को लेकर बीजेपी और कांग्रेस के बीच राजनीतिक बयानबाजी शुरू हो गई है।








