पंजाब में विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। राज्य में चुनावी समीकरणों को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी (BJP) और शिरोमणि अकाली दल (SAD) के बीच गठबंधन की घोषणा आज हो सकती है। दोनों दलों के एक बार फिर साथ आने की संभावना से पंजाब की राजनीति में नए समीकरण बनने के संकेत मिल रहे हैं।
इस संबंध में दिल्ली में आज दोपहर 1 बजे अहम प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की जाएगी। इसमें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल संयुक्त रूप से मीडिया को संबोधित करेंगे। माना जा रहा है कि इस दौरान दोनों दलों के बीच गठबंधन को लेकर महत्वपूर्ण घोषणा की जा सकती है।
इस गठबंधन को 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। दोनों दलों के बीच गठबंधन की चर्चाएं पिछले कई महीनों से चल रही थीं। अब इन चर्चाओं के बीच संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस को अंतिम घोषणा के तौर पर देखा जा रहा है। इस कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी मौजूद रहेंगे।
गौरतलब है कि भाजपा और शिरोमणि अकाली दल का गठबंधन सितंबर 2020 में टूट गया था। कृषि कानूनों के विरोध में अकाली दल ने एनडीए से अलग होने का फैसला किया था। इससे पहले दोनों दल लंबे समय तक पंजाब में मिलकर चुनाव लड़ते रहे थे।
अगर दोनों दल फिर से गठबंधन करते हैं तो पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों पर चुनावी रणनीति और सीटों के बंटवारे को लेकर नए समीकरण बनेंगे। भाजपा और अकाली दल के इस फैसले का असर राज्य में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के चुनावी मुकाबले पर भी पड़ सकता है। अब सभी की नजरें दिल्ली में होने वाली संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस पर टिकी हैं।








