पीएम मोदी ने पुणे को दी 21,800 करोड़ की मेट्रो परियोजनाओं की सौगात, 23 KM लंबी पिंक लाइन का किया उद्घाटन

SHARE:

 

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को महाराष्ट्र के पुणे को करीब 21,800 करोड़ रुपये की मेट्रो परियोजनाओं की सौगात दी। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए उन्होंने 23 किलोमीटर लंबी पुणे मेट्रो की पिंक लाइन का उद्घाटन किया। इसके साथ ही मेट्रो के दूसरे चरण यानी फेज-2 की आधारशिला भी रखी।

 

करीब 8,300 करोड़ रुपये की लागत से तैयार पिंक लाइन हिंजेवाड़ी और शिवाजीनगर जैसे प्रमुख इलाकों को जोड़ेगी। इससे पुणे के IT हब में काम करने वाले हजारों कर्मचारियों को सफर में सुविधा मिलने की उम्मीद है। वहीं, मेट्रो फेज-2 पर करीब 13,500 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

 

248 KM से बढ़कर 1,200 KM हुआ मेट्रो नेटवर्क

 

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि साल 2014 से पहले देश में केवल 248 किलोमीटर का मेट्रो नेटवर्क था और सिर्फ पांच शहरों में मेट्रो सेवा उपलब्ध थी। लेकिन अब देश के 26 शहरों में मेट्रो चल रही है और इसका ऑपरेशनल नेटवर्क बढ़कर करीब 1,200 किलोमीटर हो गया है।

 

पुणे के विकास को मिलेगी नई रफ्तार

 

पीएम मोदी ने कहा कि पुणे IT, ऑटोमोबाइल, फार्मा, स्टार्टअप और मैन्युफैक्चरिंग जैसे क्षेत्रों में युवाओं के लिए बड़े अवसरों का शहर बन चुका है। मेट्रो कनेक्टिविटी मजबूत होने से शहर के विकास को गति मिलेगी और लोगों का आवागमन आसान होगा।

 

वहीं, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बताया कि पुणे मेट्रो अपनी जरूरत की करीब 30 फीसदी बिजली खुद पैदा करेगी। इससे मेट्रो को ग्रीन और पर्यावरण के अनुकूल परिवहन व्यवस्था बनाने में मदद मिलेगी।

Kinni Times
Author: Kinni Times

सबसे ज्यादा पड़ गई