PM मोदी के 25 साल पूरे, दुनिया के नेताओं ने दी बधाई

SHARE:

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सरकार के प्रमुख के तौर पर 25 साल का सफर पूरा कर लिया है। 7 अक्टूबर 2001 को उन्होंने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में अपने राजनीतिक सफर के इस चरण की शुरुआत की थी। इसके बाद करीब 13 साल तक गुजरात का नेतृत्व करने के बाद मई 2014 में उन्होंने देश के प्रधानमंत्री का पद संभाला। इस खास पड़ाव पर दुनिया के कई देशों के नेताओं ने पीएम मोदी को बधाई देते हुए उनके लंबे राजनीतिक सफर और भारत के साथ अपने देशों के संबंधों का जिक्र किया।

भूटान के पीएम ने बताया बड़ा भाई, ‘विष्णु का अवतार’ कहा

भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग तोगबे के संदेश ने खास तौर पर ध्यान खींचा है। उन्होंने पीएम मोदी को अपना बड़ा भाई बताते हुए 2019 में हुई मुलाकात को याद किया। तोगबे के मुताबिक, उस समय वह न तो प्रधानमंत्री थे और न ही सांसद, फिर भी पीएम मोदी ने उनके साथ बड़े भाई जैसा स्नेह और अपनापन दिखाया। उन्होंने गुजरात से लेकर केंद्र तक पीएम मोदी की विकास सोच का जिक्र किया और ‘विकसित भारत’ के 2047 के लक्ष्य की भी सराहना की। अपने संदेश में तोगबे ने पीएम मोदी को ‘विष्णु का अवतार’ भी बताया।

नाइजीरिया, डोमिनिका और बेल्जियम के नेताओं ने भी दी बधाई

नाइजीरिया के राष्ट्रपति बोला अहमद टिनूबू ने पीएम मोदी के 25 साल के सफर को लोकतांत्रिक व्यवस्था में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने भारत और नाइजीरिया के बीच रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने की बात कही। डोमिनिका के प्रधानमंत्री रूजवेल्ट स्केरिट ने पीएम मोदी को अपना प्रिय मित्र बताते हुए दोनों देशों के बीच संबंधों और सहयोग को आगे बढ़ाने की इच्छा जताई। वहीं बेल्जियम के प्रधानमंत्री बार्ट डी वेवर ने भी पीएम मोदी को बधाई दी और भारत-बेल्जियम के बीच मजबूत साझेदारी को और आगे ले जाने की बात कही।

जापान ने भी भारत के साथ साझेदारी मजबूत करने की बात कही

जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची ने भी पीएम मोदी को 25 साल पूरे होने पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने भारत के विकास और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की भूमिका को मजबूत करने में पीएम मोदी के लंबे राजनीतिक सफर का उल्लेख किया। साथ ही भारत और जापान के बीच विशेष रणनीतिक एवं वैश्विक साझेदारी को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता जताई। अगले साल दोनों देशों के राजनयिक संबंधों की स्थापना के 75 वर्ष पूरे होने वाले हैं, जिसे दोनों देशों के रिश्तों के लिहाज से महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है।

Kinni Times
Author: Kinni Times

सबसे ज्यादा पड़ गई