नई दिल्ली/मुंबई: मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर आज, 2 अक्टूबर को दिल्ली और मुंबई में विरोध प्रदर्शन की तैयारियां हैं। दिल्ली में विपक्षी दलों के नेता और कार्यकर्ता प्रदर्शन के लिए जुट रहे हैं, जबकि मुंबई के शिवाजी पार्क में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने आंदोलन का ऐलान किया है।
दिल्ली में प्रदर्शन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। नई दिल्ली इलाके में पुलिस और पैरामिलिट्री फोर्स की तैनाती बढ़ाई गई है। पुलिस ने नई दिल्ली क्षेत्र में BNS की धारा 163 लागू की है और प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी गई है।
जंतर-मंतर की ओर जाने वाले रास्तों पर बैरिकेडिंग
प्रदर्शन को देखते हुए सेंट्रल दिल्ली की तरफ जाने वाले कई रास्तों पर बैरिकेड लगाए गए हैं। पुलिस ने जंतर-मंतर से काफी पहले ही वाहनों और लोगों की आवाजाही रोक दी है। लोधी रोड समेत कई प्रमुख रास्तों पर भी सुरक्षा बढ़ाई गई है।
AAP नेताओं और कार्यकर्ताओं पर कार्रवाई
आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता प्रदर्शन के लिए जंतर-मंतर की ओर बढ़ने की कोशिश कर रहे हैं। इसी दौरान पुलिस ने AAP के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज को हिरासत में लिया। इससे पहले उन्होंने कहा कि वह अकेले जंतर-मंतर पहुंचे और युवाओं से शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने के लिए वहां पहुंचने की अपील की।
वहीं, AAP कार्यालय में भी कई नेता और कार्यकर्ता एकत्र हुए हैं। आतिशी, कुलदीप कुमार और अनुराग डांडा समेत पार्टी के कई नेता वहां पहुंचे हैं। नई दिल्ली इलाके में इंटरनेट सेवा प्रभावित होने की भी जानकारी सामने आई है।
मुंबई के शिवाजी पार्क में CJP का प्रदर्शन
मुंबई में कॉकरोच जनता पार्टी की ओर से शिवाजी पार्क में दोपहर 3 बजे प्रदर्शन का ऐलान किया गया है। हालांकि पुलिस की ओर से इस प्रदर्शन को अनुमति नहीं दी गई है। इसके बावजूद प्रदर्शन की घोषणा को देखते हुए मुंबई पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी है।
शिवाजी पार्क के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। मैदान के अंदर जाने वाले रास्तों पर बैरिकेडिंग की गई है और गेट नंबर 6 के पास प्रदर्शन की घोषणा की गई है।
स्थानीय लोगों ने CJP के आंदोलन का किया विरोध
शिवाजी पार्क इलाके में कुछ स्थानीय नागरिकों ने CJP के प्रदर्शन पर आपत्ति जताई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब पुलिस की ओर से अनुमति नहीं दी गई है, तो आंदोलन आयोजित करने की कोशिश क्यों की जा रही है। उनका कहना है कि राजनीतिक दल आमतौर पर अनुमति लेकर मैदान के अंदर कार्यक्रम करते हैं।
ज्ञानेश कुमार के समर्थन में गिरिराज सिंह का बयान
इस बीच केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि ज्ञानेश कुमार को सम्मानित करने की जरूरत है और कांग्रेस पर टिप्पणी करते हुए तीखा बयान दिया।
CEC के इस्तीफे की मांग को लेकर विपक्ष लगातार चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और कथित गड़बड़ियों पर सवाल उठा रहा है। वहीं, सत्ता पक्ष की ओर से इन आरोपों को लेकर विपक्ष पर पलटवार किया जा रहा है।
दिल्ली और मुंबई में जारी प्रदर्शन से जुड़े हर अपडेट पर नजर बनी हुई है।








