News Flash राम मंदिर ट्रस्ट में बड़े बदलाव

SHARE:

अयोध्या: राम मंदिर चढ़ावा चोरी विवाद के बाद हुई राम मंदिर तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की अहम बैठक में कई बड़े फैसले लिए गए। ट्रस्ट ने महासचिव पद से चंपत राय और अनिल मिश्रा के इस्तीफे स्वीकार कर लिए हैं। उनकी जगह कृष्ण मोहन को नया महासचिव बनाया गया है। बैठक में ट्रस्ट के सीईओ की नियुक्ति के लिए एक विशेष समिति गठित करने का भी फैसला हुआ। साथ ही सदस्य गोपाल राव को भी ट्रस्ट से हटा दिया गया। ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंद गिरी ने कहा कि चढ़ावा चोरी मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और व्यवस्था में रही कमियों को दूर कर श्रद्धालुओं का विश्वास फिर से मजबूत किया जाएगा।

हरिद्वार: मनसा देवी मंदिर में सुरक्षा और पारदर्शिता बढ़ाने के लिए नया नियम लागू किया गया है। अब मंदिर के पुजारी बिना जेब वाले कुर्ते पहनकर ही पूजा-अर्चना करेंगे, ताकि किसी भी तरह की अनियमितता की आशंका को खत्म किया जा सके।

नासिक: टीसीएस यौन उत्पीड़न और धर्मांतरण से जुड़े चर्चित मामले में आरोपी निदा खान को अदालत से जमानत मिल गई है। मामले की जांच और अन्य कानूनी प्रक्रिया जारी है।

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी से जुड़े कथित आतंकी मॉड्यूल का पर्दाफाश करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सुरक्षा एजेंसियां नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हैं।

नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने जिम्बाब्वे दौरे के लिए टीम इंडिया की घोषणा कर दी है। श्रेयस अय्यर को टीम की कमान सौंपी गई है, जबकि तिलक वर्मा को उपकप्तान बनाया गया है।

जकार्ता: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता पहुंच गए, जहां प्रवासी भारतीयों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। एयरपोर्ट पर ‘मोदी-मोदी’ के नारों के बीच प्रधानमंत्री का भव्य अभिनंदन किया गया।

मुंबई: लगातार हो रही भारी बारिश ने महानगर की रफ्तार थाम दी है। 17 उड़ानें रद्द करनी पड़ीं, जबकि 365 से अधिक उड़ानें देरी से संचालित हुईं। मौसम विभाग ने मुंबई और आसपास के कई इलाकों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है।

प्रयागराज: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अशोक सिंघल समेत तीन प्रमुख हस्तियों की प्रतिमाओं का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल भी वितरित की और कहा कि भगवान राम भारत की आत्मा और राष्ट्र की सांस्कृतिक चेतना के प्रतीक हैं।

उत्तराखंड: मानसून की सक्रियता के बीच राज्य में पिछले 24 घंटों में औसतन 16 मिमी बारिश दर्ज की गई। बागेश्वर जिले में सबसे अधिक 73.4 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।

महाराष्ट्र: लगातार बारिश से सातारा जिले के महाबलेश्वर में वेण्णा नदी पर बना पुल क्षतिग्रस्त होकर टूट गया, जिससे कई पर्यटक प्रभावित हुए। वहीं नए मुंबई-गोवा हाईवे में बड़ी दरार आने के बाद प्रशासन ने यातायात रोक दिया है। रेल और सड़क सेवाओं पर भी मौसम का असर देखा गया।

Kinni Times
Author: Kinni Times