NEET पेपर लीक पर संसद में घमासान! अमित शाह और राहुल गांधी आमने-सामने

SHARE:

संसद के मानसून सत्र में नीट (NEET) पेपर लीक और छात्र आंदोलन के मुद्दे पर जारी गतिरोध थमने का नाम नहीं ले रहा है। विपक्ष के लगातार हंगामे के बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के आमने-सामने आने से सियासी बयानबाजी और तेज हो गई है। संसद परिसर में संवाददाताओं से बात करते हुए गृह मंत्री अमित शाह ने साफ किया कि सरकार छात्रों के आंदोलन से जुड़े हर पहलू पर संसद में विस्तृत चर्चा कराने और सभी सवालों के जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार है। विपक्ष पर सदन न चलने देने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि गेंद अब विपक्ष के पाले में है।

‘लेक्चर’ में बिल्कुल भी इंटरेस्टेड नहीं
गृह मंत्री ने शर्त रखते हुए कहा कि अगर विपक्ष लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को लिखित में देकर चर्चा की मांग करता है, तो सरकार आज ही दोपहर 3 बजे से बहस शुरू कराने के लिए तैयार है और वे खुद हर सवाल का जवाब देंगे। गृह मंत्री की इस चुनौती पर पलटवार करते हुए कांग्रेस नेता और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बहस की इस पेशकश को सिरे से खारिज कर दिया। राहुल गांधी ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि देश का युवा और विपक्ष अमित शाह के लंबे भाषणों या ‘लेक्चर’ में बिल्कुल भी इंटरेस्टेड नहीं हैं। राहुल गांधी ने सीधा सवाल दागा कि विरोध प्रदर्शन कर रहे मासूम छात्रों और युवाओं पर लाठीचार्ज करने और पेलेट गन से गोलियां चलाने का आदेश किसने दिया था?

आदेश दिया है तो वे जिम्मेदार
उन्होंने कहा कि देश यह जानना चाहता है कि क्या यह आदेश गृह मंत्रालय या खुद अमित शाह ने दिया था? राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि अगर गृह मंत्री ने यह आदेश दिया है तो वे जिम्मेदार हैं, और अगर उन्हें इसकी जानकारी ही नहीं थी तो वे अक्षम हैं; दोनों ही सूरतों में उन्हें अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए। दोनों पक्षों के कड़े तेवरों के बाद अब संसद में गतिरोध खत्म होने के आसार बेहद कम नजर आ रहे हैं।

 

 

 

Kinni Times
Author: Kinni Times

सबसे ज्यादा पड़ गई