ताजमहल परिसर में बंदरों का जमावड़ा, पर्यटकों में फैली दहशत, वायरल वीडियो पर अखिलेश यादव ने कसा तंज

SHARE:

उत्तर प्रदेश के आगरा स्थित विश्व प्रसिद्ध ताजमहल परिसर से एक हैरान करने वाला वीडियो सामने आया है। यहां बड़ी संख्या में बंदरों का झुंड पहुंचने से पर्यटकों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में सैकड़ों बंदर परिसर में घूमते दिखाई दे रहे हैं।

बताया जा रहा है कि बंदरों की बड़ी संख्या देखकर वहां मौजूद भारतीय और विदेशी पर्यटक घबरा गए। कुछ पर्यटक अपनी जगह पर रुक गए, जबकि कई लोगों ने डर के कारण अपना रास्ता बदल लिया। बंदरों के लगातार आसपास घूमने और आवाजें निकालने से सैलानियों में दहशत देखने को मिली।

अखिलेश यादव ने बीजेपी सरकार पर साधा निशाना

इस मामले को लेकर अब राजनीतिक प्रतिक्रिया भी सामने आई है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने वायरल वीडियो साझा करते हुए बीजेपी सरकार पर निशाना साधा।

उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि बीजेपी राज में दुनिया के सात अजूबों में शामिल ताजमहल की दुर्गति देखकर लगता है कि अगर पर्यटन प्रभावित हुआ तो एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था का सपना भी प्रभावित हो सकता है।

दुनिया के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल है ताजमहल

बता दें कि आगरा का ताजमहल यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल है और भारत के सबसे प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों में गिना जाता है। मुगल बादशाह शाहजहां ने अपनी पत्नी मुमताज महल की याद में इसका निर्माण कराया था।

ताजमहल का निर्माण 1632 में शुरू हुआ था और मुख्य परिसर 1653 तक तैयार हुआ। हर साल बड़ी संख्या में देश-विदेश से पर्यटक इसकी खूबसूरती देखने आगरा पहुंचते हैं।

अब वायरल वीडियो के सामने आने के बाद ताजमहल परिसर में पर्यटकों की सुरक्षा और बंदरों की समस्या को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

Kinni Times
Author: Kinni Times

सबसे ज्यादा पड़ गई