मराठी सिनेमा के लिए शुक्रवार का दिन खास रहा। फिल्म फेडरेशन ऑफ इंडिया (FFI) ने संतोष डावखर के निर्देशन में बनी मराठी फिल्म ‘गोंधल’ को 99वें एकेडमी अवॉर्ड्स यानी ऑस्कर 2027 के लिए भारत की आधिकारिक एंट्री के रूप में चुना है। फिल्म को बेस्ट इंटरनेशनल फीचर फिल्म कैटेगरी के लिए भारत की ओर से भेजा जाएगा।
मुंबई में हुई घोषणा के बाद फिल्म को लेकर चर्चा तेज हो गई है। इस साल भारत की ओर से ऑस्कर के लिए भेजी जाने वाली फिल्म के चयन की दौड़ में कुल 33 फिल्मों ने हिस्सा लिया था। चयन समिति ने इन फिल्मों में से ‘गोंधल’ को भारत की आधिकारिक एंट्री के तौर पर चुना।
महाराष्ट्र की लोकपरंपरा पर आधारित है फिल्म
‘गोंधल’ की कहानी महाराष्ट्र के ग्रामीण परिवेश में बुनी गई है। फिल्म का बैकड्रॉप महाराष्ट्र की सदियों पुरानी गोंधल लोकपरंपरा और धार्मिक अनुष्ठान है। कहानी एक रात के दौरान होने वाले इस पारंपरिक आयोजन के बीच रिश्तों, इच्छाओं और मानवीय भावनाओं को सामने लाती है।
फिल्म को संतोष डावखर ने लिखा और निर्देशित किया है। इसमें इशिता देशमुख, किशोर कदम, योगेश सोहोनी और निषाद भोईर समेत कई कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आते हैं।
पहले भी मिल चुकी है अंतरराष्ट्रीय पहचान
‘गोंधल’ के लिए ऑस्कर की आधिकारिक एंट्री बनना पहला बड़ा सम्मान नहीं है। फिल्म ने फिल्म फेस्टिवल सर्किट में भी पहचान बनाई है। 2025 में 56वें इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया (IFFI) में संतोष डावखर को फिल्म के लिए सिल्वर पीकॉक फॉर बेस्ट डायरेक्टर से सम्मानित किया गया था।
महाराष्ट्र के सीएम ने दी बधाई
फिल्म के ऑस्कर के लिए चुने जाने के बाद महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने टीम को बधाई दी और इसे मराठी सिनेमा के लिए गर्व का क्षण बताया। उन्होंने फिल्म के जरिए महाराष्ट्र की लोक परंपराओं और संस्कृति के अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचने की बात कही।
अब ‘गोंधल’ ऑस्कर की आगे की प्रक्रिया में भारत का प्रतिनिधित्व करेगी। आधिकारिक एंट्री चुने जाने के बाद फिल्म के लिए अगला चरण अंतरराष्ट्रीय स्तर पर होने वाली चयन प्रक्रिया है।








