दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) की संयुक्त कार्रवाई में राजधानी में अब तक की सबसे बड़ी ड्रग बरामदगी में से एक सामने आई है। छतरपुर स्थित एक फ्लैट पर की गई छापेमारी में 328.54 किलो मेथामफेटामाइन जब्त की गई, जिसकी कीमत अंतरराष्ट्रीय बाज़ार में करीब 262 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
दो तस्कर गिरफ्तार, अंतरराष्ट्रीय गैंग का पर्दाफाश
ऑपरेशन ‘क्रिस्टल फोर्ट्रेस’ के तहत एजेंसियों ने इस सिंडिकेट से जुड़े दो लोगों—
शाने वारिस (अमरोहा निवासी) और एस्थर किनिमी (नगालैंड निवासी)—को गिरफ्तार किया है।
दोनों लंबे समय से दिल्ली, नोएडा और पूर्वोत्तर राज्यों में सक्रिय ड्रग नेटवर्क की सप्लाई चेन चलाते थे।
दुबई से संचालित हो रहा था पूरा गिरोह
जांच में सामने आया कि यह पूरा नेटवर्क दुबई से ऑपरेट हो रहा था।
दुबई में बैठा सरगना एन्क्रिप्टेड एप्स के जरिए भारत में ड्रग्स की डिलीवरी, पिकअप और स्टोरेज की हर मूवमेंट को मॉनिटर करता था।
शाने वारिस नोएडा में सेल्स मैनेजर बनकर रह रहा था और ‘फेक सिम’, व्हाट्सएप व जैंगी जैसे सुरक्षित एप्स से लगातार संपर्क में था। एस्थर किनिमी दिल्ली में किराए पर लिए गए फ्लैट का इस्तेमाल अस्थायी स्टोरेज पॉइंट के तौर पर करती थी।
दिल्ली के कई इलाकों से कनेक्शन
NCB को शक है कि यह फ्लैट इस बड़े नेटवर्क का सिर्फ एक हिस्सा था।
जांच टीम को जामिया नगर, शाहीन बाग और ओखला जैसी लोकेशनों का भी लिंक मिला है, जहां फेक ID, अस्थायी कमरे और अनट्रेस्ड पैकेट डिलीवरी का इस्तेमाल किया जा रहा था।
पोर्टर जैसे ऐप से ड्रग डिलीवरी
पूछताछ में यह भी सामने आया कि ड्रग्स की सप्लाई पोर्टर जैसे डिलीवरी ऐप्स के जरिए कराई जाती थी, ताकि तस्कर खुद सामने न आएं।
हर कंसाइनमेंट के बाद फोन बदल दिए जाते थे, जिससे ट्रैकिंग मुश्किल हो जाती थी।
सिंडिकेट पूर्वोत्तर से लेकर नेपाल बॉर्डर तक फैला
एजेंसियों का दावा है कि यह नेटवर्क दिल्ली से होते हुए नगालैंड, मणिपुर, असम और नेपाल सीमा तक फैला हुआ था।
तस्करों से मिले चैट में कोड वर्ड, नक्शे और गुप्त रूट भी मिले हैं।
गृहमंत्री अमित शाह ने कार्रवाई की सराहना की
गृह मंत्री अमित शाह ने इस ऑपरेशन को सरकार की बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा—“नई दिल्ली में 262 करोड़ की मेथामफेटामाइन जब्ती कई एजेंसियों की बेहतरीन तालमेल का उदाहरण है। यह नशामुक्त भारत के लक्ष्य की ओर एक बड़ी सफलता है। NCB और दिल्ली पुलिस की संयुक्त टीम को बधाई।”
सरगना भी पिछले केस में वांछित
NCB के अनुसार यह वही नेटवर्क है जिसका सरगना पिछले साल दिल्ली में जब्त 82.5 किलो कोकेन केस में भी वांछित है। अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों के सहयोग से उसे भारत लाने की प्रक्रिया चल रही है।








