दिल्ली में हुई कई राज्यों की पुलिस वरिष्ठ अधिकारियों की मीटिंग के बाद ड्रोन उड़ाने वालों पर पुलिस की खास नजर रहेगी। इसके साथ ही बॉर्डर पर होने वाली गतिविधियों पर भी सतर्कता बढ़ा दी गई है।
स्वतंत्रता दिवस की सुरक्षा को लेकर कमिश्नरेट पुलिस पूरी तरह से सतर्क हो गई है। दिल्ली में हुई कई राज्यों की पुलिस वरिष्ठ अधिकारियों की मीटिंग के बाद ड्रोन उड़ाने वालों पर पुलिस की खास नजर रहेगी। इसके साथ ही बॉर्डर पर होने वाली गतिविधियों पर भी सतर्कता बढ़ा दी गई है। स्वतंत्रता दिवस पर सुरक्षा को लेकर पुलिस ने निर्देश जारी कर दिए हैं।
शहर के सभी होटल, पीजी और गेस्ट हाउस में ठहरने वालों पर भी नजर रखी जा रही है। पुलिस ने इनके संचालकों को पहले से ही निर्देश दिया हुआ है कि वह अपने वहां पर ठहरने वाले सभी लोगों की जानकारी वेबसाइट पर अपलोड करें।
इससे पुलिस को पता रहेगा कि कौन- कौन व्यक्ति ठहर रहे हैं। जिस जगहों पर विदेशी नागरिक ठहरते हैं वहां पर पुलिस की तरफ से अतिरिक्त सतर्कता रखी जाएगी। पुलिस की तरफ से नए किरायेदारों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। इसको लेकर स्थानीय पुलिस के साथ ही खुफिया विभाग भी अपने स्तर पर जानकारी में जुटा हुआ है।
स्वतंत्रता दिवस की सुरक्षा को लेकर बृहस्पतिवार को दिल्ली पुलिस व एनसीआर के अधिकारियों के साथ बैठक हुई है. बैठक के बाद संबंधित अधिकारियों को सुरक्षा व ट्रैफिक से संबंधित दिशा निर्देश जारी किए गए।
–विकास अरोड़ा, पुलिस आयुक्त गुरुग्राम
300 से ज्यादा यातायात पुलिसकर्मी होंगे तैनात
यातायात पुलिस की तरफ से शहर में मंगलवार से 20 नाके लगाकर वाहन चालकों पर नजर रखी जाएगी। इसके साथ ही 300 से ज्यादा यातायात पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। यह पुलिसकर्मी वाहनों पर तो नजर रखेंगे ही इसके साथ ही आसपास होने वाली गतिविधि पर वह नजर रख सकेंगे।
तीन दिन तक भारी वाहन दिल्ली में नहीं कर सकेंगे प्रवेश
स्वतंत्रता दिवस को लेकर तीन दिन तक के लिए भारी वाहनों का दिल्ली में प्रवेश बंद किया गया है। ऐसे में वाहन चालक केएमपी एक्सप्रेसवे का इस्तेमाल करेंगे। इसी को लेकर यातायात पुलिस ने ट्रक यूनियन के प्रधानों और पदाधिकारियों के साथ बैठक भी की है। मीटिंग में प्रधानों और पदाधिकारियों को बताया गया कि 12 अगस्त से 15 अगस्त तक दिल्ली में प्रवेश पर रोक लगाई गई है।
तीनों दिन शाम पांच से अगले दिन दोपहर डेढ़ बजे तक वाहन दिल्ली में प्रवेश नहीं कर सकते हैं। उन्होंने निर्देश दिया है कि वह अपने वाहनों को सही पार्किंग में ही खड़ा करें ताकि किसी भी प्रकार से यातायात के आवागमन में अन्य वाहन चालकों को परेशानी न हो। जो भी भारी वाहन अन्य राज्यों या जिलों में जाना चाहते हैं वह केएमपी एक्सप्रेसवे का इस्तेमाल कर अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे। यातायात पुलिस की तरफ से सुरक्षा व्यवस्था के लिए विभिन्न जगहों पर नाके भी लगाए जाएंगे।




