प्रदेश के कई भागों में ऑरेंज अलर्ट के बीच लगातार जारी बारिश से दुश्वारियां बढ़ गई हैं। राज्य में चार नेशनल हाईवे सहित 453 सड़कें बाधित हैं। 753 बिजली ट्रांसफार्मर व 276 जल आपूर्ति योजनाएं भी प्रभावित हैं।
हिमाचल प्रदेश के कई भागों में ऑरेंज अलर्ट के बीच लगातार जारी बारिश से दुश्वारियां बढ़ गई हैं। भारी बारिश से राज्य में नदी-नाले उफान पर हैं और कई जगह भूस्खलन की घटनाएं हुई हैं। आपदा प्रभावित सराज में फिर बारिश ने तबाही मचाई है। प्रदेश में मंगलवार सुबह 10:00 बजे तक चार नेशनल हाईवे सहित 453 सड़कें बंद रहीं। 753 बिजली ट्रांसफार्मर व 276 जल आपूर्ति योजनाएं भी प्रभावित हैं। मंडी जिले में सबसे अधिक 318 सड़कें, 657 बिजली ट्रांसफार्मर व 86 जल आपूर्ति योजनाएं बाधित हैं। कुल्लू में 67 सड़कें व कांगड़ा जिले में 120 जल आपूर्ति योजनाएं प्रभावित हैं। राजधानी शिमला में भी सुबह से बारिश जारी है।



