Greater Noida: जिम्स में आउटसोर्स कर्मचारियों के आंदोलन पर बवाल, निदेशक की शिकायत पर FIR दर्ज

SHARE:

ग्रेटर नोएडा: कासना स्थित राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान (GIMS) में आउटसोर्स कर्मचारियों के आंदोलन के दौरान हुए विवाद ने तूल पकड़ लिया है। संस्थान के निदेशक की शिकायत पर कासना कोतवाली पुलिस ने प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं कर्मचारियों और पुलिस ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

11वें दिन बढ़ा विवाद

आउटसोर्स कर्मचारी पिछले कई दिनों से नियमितीकरण, संविदा पर समायोजन और हाल ही में निकाली गई भर्ती प्रक्रिया को रद्द करने सहित विभिन्न मांगों को लेकर धरना दे रहे थे।

बुधवार देर रात धरना समाप्त कराने को लेकर प्रशासन और प्रदर्शनकारियों के बीच विवाद हो गया। इसके बाद गुरुवार सुबह हालात और तनावपूर्ण हो गए।

कर्मचारियों ने लगाए गंभीर आरोप

प्रदर्शनकारी कर्मचारियों का आरोप है कि देर रात पुलिस ने धरना स्थल पर पहुंचकर बल प्रयोग किया। उनका कहना है कि धरना स्थल की बिजली और सीसीटीवी कैमरे बंद कर दिए गए तथा मुख्य और इमरजेंसी गेट भी बंद कर दिए गए, जिससे अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

कर्मचारियों का आरोप है कि महिला कर्मचारियों के साथ धक्का-मुक्की की गई और कुछ लोगों के मोबाइल छीनने की भी कोशिश हुई।

महिला कर्मचारी के नाले में गिरने का दावा

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि गुरुवार सुबह पुलिस की कार्रवाई के दौरान एक महिला कर्मचारी नाले में गिर गई। उनका आरोप है कि पुलिस की वजह से यह घटना हुई, जबकि साथी कर्मचारियों ने महिला को बाहर निकाला। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बना हुआ है।

पुलिस ने आरोपों को बताया निराधार

पुलिस ने कर्मचारियों द्वारा लगाए गए मारपीट और लाठीचार्ज के आरोपों को पूरी तरह खारिज किया है।

पुलिस का कहना है कि अस्पताल के मुख्य हॉल में धरना होने से मरीजों को परेशानी हो रही थी और चिकित्सा सेवाएं प्रभावित हो रही थीं। प्रदर्शनकारियों से कई बार अनुरोध किया गया कि वे अस्पताल के भीतर किसी अन्य स्थान पर अपना धरना जारी रखें, लेकिन कुछ लोगों ने इसका विरोध किया और धक्का-मुक्की शुरू कर दी।

पुलिस के अनुसार, स्थिति को नियंत्रित करने और अस्पताल की सेवाएं सुचारु रखने के लिए आवश्यक कार्रवाई की गई।

28 घंटे चली वार्ता, नहीं निकला समाधान

जानकारी के मुताबिक, कर्मचारियों, जिम्स प्रशासन, जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों के बीच करीब 28 घंटे तक बातचीत चली, लेकिन कोई सहमति नहीं बन सकी। वार्ता विफल होने के बाद प्रदर्शन जारी रहा।

निदेशक की शिकायत पर FIR

घटना के बाद जिम्स के निदेशक ब्रिगेडियर डॉ. राकेश गुप्ता की शिकायत पर कासना कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Kinni Times
Author: Kinni Times

सबसे ज्यादा पड़ गई