दिल्ली में प्रदर्शन से पहले मेट्रो के 11 स्टेशनों पर एंट्री-एग्जिट बंद, जंतर-मंतर पर सुरक्षा कड़ी

SHARE:

दिल्ली में प्रस्तावित विरोध-प्रदर्शनों को देखते हुए दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने कई प्रमुख स्टेशनों पर यात्रियों की आवाजाही को लेकर बड़ा अपडेट जारी किया है। शुक्रवार को 11 मेट्रो स्टेशनों के प्रवेश और निकास द्वार अगले आदेश तक बंद कर दिए गए हैं।

DMRC के अनुसार, जिन स्टेशनों पर एंट्री और एग्जिट रोकी गई है, उनमें जनपथ, पटेल चौक, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट, राजीव चौक, सेवा तीर्थ, मंडी हाउस, लोक कल्याण मार्ग, INA, चावड़ी बाजार, नई दिल्ली और रामकृष्ण आश्रम मार्ग शामिल हैं।

हालांकि, यात्रियों के लिए राजीव चौक, मंडी हाउस, नई दिल्ली और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट स्टेशनों पर इंटरचेंज की सुविधा उपलब्ध रहेगी। यानी इन स्टेशनों से दूसरी मेट्रो लाइन में बदलाव करने वाले यात्रियों को इंटरचेंज की अनुमति होगी।

जंतर-मंतर पर सुरक्षा बढ़ाई गई

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। पुलिस ने जंतर-मंतर पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 163 लागू किए जाने की जानकारी दी है।

प्रदर्शन से पहले जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। प्रमुख रास्तों पर बैरिकेड लगाए गए हैं और आवाजाही पर निगरानी रखी जा रही है।

रास्तों पर भी लगाई गई पाबंदी

प्रशासन ने जंतर-मंतर की ओर जाने वाले कई मार्गों पर बैरिकेडिंग की है। जनपथ की दिशा से आने वाले रास्ते को भी बंद किया गया है। पैदल आने वाले लोगों को भी निर्धारित बैरिकेडिंग से आगे जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है।

प्रशासन का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था का उद्देश्य प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना और आसपास के इलाकों में यातायात को नियंत्रित करना है। यात्रियों को मेट्रो से सफर करने से पहले संबंधित स्टेशन की स्थिति जांचने की सलाह दी गई है।

Kinni Times
Author: Kinni Times

सबसे ज्यादा पड़ गई