दिल्ली में विपक्ष का प्रदर्शन तेज, निर्वाचन सदन की ओर मार्च के दौरान बैरिकेडिंग पर चढ़े सांसद

SHARE:

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में मंगलवार को निर्वाचन आयोग के खिलाफ विपक्षी दलों का विरोध प्रदर्शन तेज हो गया। इंडिया ब्लॉक के कई सांसद संसद भवन से निर्वाचन सदन की ओर मार्च करते हुए चुनाव आयोग की कथित अनियमितताओं और एसआईआर प्रक्रिया को लेकर अपना विरोध दर्ज करा रहे हैं। प्रदर्शनकारी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग कर रहे हैं।

विपक्षी मार्च को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने कई स्थानों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए और भारी बैरिकेडिंग की। प्रदर्शनकारी सांसदों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए पुलिस ने अलग-अलग स्तरों पर बैरिकेड लगाए। इस दौरान कुछ सांसदों ने बैरिकेड पार करने का प्रयास भी किया।

मार्च के दौरान राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और अखिलेश यादव समेत कई प्रमुख विपक्षी नेता धरने पर बैठ गए। इंडिया ब्लॉक के सांसद निर्वाचन आयोग के कार्यालय की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें आरबीआई के पास रोक दिया। इसके बाद सांसद सड़क पर ही बैठ गए और नारेबाजी शुरू कर दी।

प्रदर्शनकारियों ने इस दौरान “वोट चोरों गद्दी छोड़ो” जैसे नारे लगाए। विरोध प्रदर्शन के कारण पंत मार्ग, गोल डाकखाना और बाबा खड़क सिंह मार्ग समेत आसपास के इलाकों में यातायात प्रभावित हुआ। संसद मार्ग पर भी सुरक्षा के मद्देनजर आवाजाही को रोक दिया गया।

इसी बीच समाजवादी पार्टी के कुछ सांसद बैरिकेडिंग पार करने की कोशिश करते दिखाई दिए। नीति आयोग कार्यालय के पास लगाए गए बैरिकेड पर चढ़कर आगे बढ़ने का प्रयास किया गया। विपक्षी सांसदों का कहना है कि वे चुनाव आयोग तक पहुंचकर अपनी आपत्तियां दर्ज कराना चाहते हैं।

विपक्षी दल एसआईआर प्रक्रिया को लेकर लगातार सवाल उठा रहे हैं और चुनाव व्यवस्था में पारदर्शिता की मांग कर रहे हैं। वहीं, प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने निर्वाचन सदन और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है।

Kinni Times
Author: Kinni Times

सबसे ज्यादा पड़ गई