केंद्र सरकार ने प्रवर्तन निदेशालय (ED) के निदेशक राहुल नवीन के सेवा कार्यकाल को एक वर्ष के लिए बढ़ा दिया है। कैबिनेट की नियुक्ति समिति (ACC) द्वारा जारी आदेश के अनुसार, राहुल नवीन अब 13 अगस्त, 2027 तक केंद्रीय जांच एजेंसी के प्रमुख पद पर बने रहेंगे। कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) की अधिसूचना के तहत उनका यह कार्यकाल विस्तार 13 अगस्त, 2026 से प्रभावी होगा। सरकार के इस फैसले के साथ ही वे अपनी आधिकारिक सेवानिवृत्ति की तारीख (31 जुलाई, 2027) के बाद भी ईडी निदेशक के रूप में अपनी सेवाएं देते रहेंगे।
पूर्णकालिक निदेशक बनाया गया
भारतीय राजस्व सेवा (IRS) के 1993 बैच के अधिकारी राहुल नवीन को सितंबर 2023 में संजय कुमार मिश्रा का कार्यकाल समाप्त होने के बाद ईडी का कार्यवाहक निदेशक नियुक्त किया गया था। इसके बाद 14 अगस्त, 2024 को उन्हें दो साल के तय कार्यकाल के लिए पूर्णकालिक निदेशक बनाया गया था। आईआईटी कानपुर से बी.टेक और एम.टेक की डिग्री रखने वाले राहुल नवीन अंतरराष्ट्रीय कराधान और डायरेक्ट टैक्स मामलों के विशेषज्ञ माने जाते हैं।
महत्वपूर्ण जांचों की अगुवाई करते रहेंगे
राहुल नवीन के कार्यकाल के दौरान वित्तीय अपराधों, मनी लॉन्ड्रिंग (PMLA) और विदेशी मुद्रा प्रबंधन कानून (FEMA) के तहत कई बड़े मामलों में केंद्रीय जांच एजेंसी ने सख्त रुख अपनाया है। उनके नेतृत्व में ईडी ने रियल एस्टेट धोखाधड़ी के मामलों में संपत्ति की जब्ती और पीड़ितों को धन वापस दिलाने की प्रक्रिया में तेजी लाई है। मौजूदा नियमों के मुताबिक, सरकार ईडी प्रमुख का कार्यकाल शुरू में दो साल तय करने के बाद एक-एक साल के लिए कुल तीन बार बढ़ा सकती है। इस विस्तार के बाद अब राहुल नवीन अगले एक साल तक ईडी की महत्वपूर्ण जांचों की अगुवाई करते रहेंगे।








