नई दिल्ली: दिल्ली में कारोबार शुरू करने और उसे संचालित करने के लिए जरूरी सरकारी मंजूरियां अब एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए हासिल की जा सकेंगी। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को ‘दिल्ली उद्योग मित्र’ पोर्टल लॉन्च किया। सरकार के मुताबिक, इस पोर्टल का उद्देश्य कारोबारियों और उद्यमियों के लिए विभिन्न विभागों से मिलने वाली मंजूरियों की प्रक्रिया को आसान और पारदर्शी बनाना है.
एक पोर्टल पर 15 विभागों की 50 से ज्यादा सेवाएं
‘दिल्ली उद्योग मित्र’ पोर्टल पर फिलहाल 15 विभागों की 50 से अधिक सेवाएं उपलब्ध कराई गई हैं। सरकार के अनुसार, अगले महीने इसमें 21 और विभागों की 100 से अधिक सेवाएं जोड़ी जाएंगी। इससे दिल्ली के करीब 8 लाख से अधिक व्यापारियों और उद्यमियों को लाभ मिलने की उम्मीद है।
एक ही जगह आवेदन और स्टेटस की सुविधा
पोर्टल के जरिए कारोबारी एक ही डिजिटल इंटरफेस से अपने व्यवसाय के लिए जरूरी अनुमतियों और लाइसेंस की जानकारी हासिल कर सकेंगे। इसके अलावा वे संबंधित सेवाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन करने के साथ-साथ अपने आवेदन की स्थिति भी देख सकेंगे।
बार-बार लॉगिन की जरूरत नहीं
पोर्टल में सिंगल साइन-ऑन की सुविधा दी गई है। इससे कारोबारियों को अलग-अलग सरकारी सेवाओं के लिए बार-बार लॉगिन करने की जरूरत नहीं होगी। वहीं कॉमन एप्लीकेशन फॉर्म के जरिए एक जैसी जानकारी अलग-अलग विभागों में बार-बार भरने की परेशानी भी कम होगी।
‘नो योर अप्रूवल्स’ से मिलेगी जरूरी मंजूरियों की जानकारी
पोर्टल की ‘नो योर अप्रूवल्स’ सुविधा कारोबारियों को उनके प्रस्तावित व्यवसाय के लिए जरूरी लाइसेंस, मंजूरियों और अनुमतियों की जानकारी उपलब्ध कराएगी। इसके अलावा आवेदक अपने डैशबोर्ड के जरिए आवेदन की प्रगति को आसानी से ट्रैक कर सकेंगे।
नेशनल सिंगल विंडो सिस्टम से भी जुड़ा पोर्टल
‘दिल्ली उद्योग मित्र’ पोर्टल को नेशनल सिंगल विंडो सिस्टम से भी जोड़ा गया है। इससे कारोबारियों को विभिन्न सरकारी प्रक्रियाओं के लिए एकीकृत डिजिटल सुविधा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
उद्योग मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि आने वाले समय में उद्योग और लॉजिस्टिक्स से जुड़ी और सेवाओं को भी इस पोर्टल पर जोड़ा जाएगा। सरकार का कहना है कि डिजिटल सेवाओं के विस्तार से दिल्ली में कारोबार से जुड़ी मंजूरियों की प्रक्रिया को अधिक सुविधाजनक और व्यवस्थित बनाया जा सकेगा।








