Delhi Weather: दिल्ली में गजब की गर्मी, तेज धूप और गर्म हवा… लू से तप रही दोपहर, रात को भी नहीं मिल रहा चैन

SHARE:

नई दिल्ली 10 जून : मई में नियमित अंतराल पर बारिश ने जो इनायत की उसकी वजह से दिल्लीवासियों को गर्मी की तपिश का अहसास नहीं हुआ। जून में भी लगा कि मानसून जल्दी आ जाएगा तो यह महीना भी शुकून से गुजरेगा पर चढ़ते पारे ने लोगों की यह गफलत दूर कर दी है। सोमवार को ही पारा 44 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। 12 तक लू के ऑरेंज अलर्ट के बीच तापमान के 45 के पार जाने के आसार हैं।

तापमान 44 पर अहसास हुआ 51 डिग्री सेल्सियस का

दिल्ली का तापमान जून में अब तक के सबसे उच्च स्तर पर पहुंच चुका है। हीट इंडेक्स 51 से 52 के बीच दर्ज किया गया, यानी दिल्ली के लोगों को इसी तापमान की गर्मी का एहसास हुआ। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार यह अभी और बढ़ सकता है। हालांकि, मौसम विभाग ने 13 जून से बारिश की संभावना जताई है। ऐसे में लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने की संभावना है।

क्या होता है हीट इंडेक्स?

हीट इंडेक्स हवा के तापमान और आर्द्रता को मिलाकर मापता है कि बाहर कितनी गर्मी महसूस होती है। यह ऐसा सूचकांक है जो मानव शरीर द्वारा अनुभव किए जाने वाले वास्तविक तापमान का अनुमान लगाता है। यह आर्द्र गर्मी के दौरान विशेष रूप से महत्वपूर्ण है क्योंकि यह गर्मी के तनाव का अधिक सटीक आकलन करता है।

फिर खराब श्रेणी में पहुंची हवा

राजधानी में हवा की दिशा बदलने और गति कम होने के चलते वायु प्रदूषण फिर खराब श्रेणी में पहुंच गया है। सोमवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 235 दर्ज किया। यह हवा की खराब श्रेणी है। विशेषज्ञों का कहना है कि दोपहर में कुछ घंटों के लिए साफ आसमान और तेज धूप के चलते कुछ स्टेशनों पर ओजोन गैस पहुंच जाती है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) का पूर्वानुमान है कि बृहस्पतिवार तक हवा खराब श्रेणी में बरकरार रहने की आशंका है।

पसीना पोंछते नजर आए लोग…

सोमवार को दिन के समय खासी चुभन भरी गर्मी महसूस की गई। दिनभर आसमान साफ रहने व तेज धूप निकलने के कारण एनसीआर के लोगों का हाल बेहाल रहा। ऐसे में लोग गर्मी से हलकान दिखे। लोग घर या दफ्तर से बाहर निकलते ही पसीना पोंछते नजर आए। रात में भी सुकून नहीं है। सोमवार को दिल्ली में न्यूनतम तापमान 27.6 डिग्री दर्ज हुआ।

आया नगर में सबसे अधिक तापमान रहा

आया नगर में सबसे अधिक तापमान रहा। यहां अधिकतम तापमान 45.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पालम में 44.3, रिज में 44.9 और लोधी रोड में 43.3 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रहा।

Kinni Times
Author: Kinni Times

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *