देशभर से आज की प्रमुख खबरों में लखनऊ अग्निकांड, पुणे हत्याकांड, शिक्षा और मौसम से जुड़ी बड़ी अपडेट सामने आई हैं।
पुणे के चर्चित हत्याकांड में गिरफ्तार आरोपी सिया गोयल और चेतन चौधरी को अदालत ने सात दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया है। वहीं लखनऊ अग्निकांड मामले में जांच तेज हो गई है। एसआईटी और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर सबूत जुटाने शुरू कर दिए हैं। मामले में गिरफ्तार आरोपियों में से अधिकांश को जेल भेज दिया गया है, जबकि एक आरोपी का अस्पताल में इलाज चल रहा है। हादसे में जान गंवाने वाले सभी 15 लोगों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये की सहायता राशि सौंप दी गई है। जिस इमारत में यह हादसा हुआ था, उसे गिराने का आदेश भी जारी कर दिया गया है।
भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में शामिल पुलिसकर्मियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। वहीं बिहार के पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव ने अपने निजी सहायक पर 20 लाख रुपये चोरी करने का आरोप लगाया है।
शिक्षा क्षेत्र में बड़ी खबर यह रही कि सीयूईटी-यूजी परीक्षा के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि री-नीट परीक्षा में मल्टीलेयर मॉनिटरिंग व्यवस्था के कारण पेपर लीक की कोई घटना नहीं हुई। उन्होंने यह भी घोषणा की कि भविष्य में ऐसी परीक्षाएं कंप्यूटर आधारित प्रणाली से आयोजित की जाएंगी ताकि पारदर्शिता और सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर में मौसम ने अचानक करवट ली। कई इलाकों में धूल भरी आंधी चली, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली। वहीं राजस्थान के 19 जिलों में आंधी और बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
राजनीतिक मोर्चे पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि राजधानी की सभी झुग्गी-बस्तियों के निवासियों को चरणबद्ध तरीके से पक्के मकान उपलब्ध कराए जाएंगे। दूसरी ओर केंद्रीय राज्य मंत्री जॉर्ज कुरियन ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जापान की प्रधानमंत्री सनाए तकाइची 1 से 3 जुलाई के बीच अपनी पहली भारत यात्रा पर आएंगी। यूरोप में जारी भीषण गर्मी के कारण फ्रांस में कम से कम 18 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं भारत के लिए उर्वरक लेकर आ रहा एक जहाज सुरक्षित रूप से होर्मुज जलडमरूमध्य पार कर चुका है।
खेल जगत में आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय टीम में बदलाव किया गया है। नितीश कुमार रेड्डी की जगह सूर्यांश शेडगे को टीम में शामिल किया गया है।







