राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) ने उपराष्ट्रपति पद के लिए अपने उम्मीदवार के तौर पर महाराष्ट्र के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन के नाम की घोषणा कर दी है। इस ऐलान के बाद सोमवार को उन्होंने दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस मुलाकात की तस्वीरें अब सामने आ चुकी हैं, जो राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बनी हुई हैं।
जगदीप धनखड़ के इस्तीफे के बाद रिक्त हुआ पद
यह चुनाव ऐसे समय में हो रहा है जब मौजूदा उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने 21 जुलाई 2025 को स्वास्थ्य कारणों के चलते पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद से ही नए उम्मीदवार के नाम को लेकर अटकलें लगाई जा रही थीं, जिन्हें अब समाप्त कर NDA ने राधाकृष्णन के नाम की घोषणा कर दी है।
कौन हैं सीपी राधाकृष्णन?
सीपी राधाकृष्णन मूल रूप से तमिलनाडु से ताल्लुक रखते हैं और इस समय महाराष्ट्र के राज्यपाल के रूप में कार्यरत हैं। वह भारतीय राजनीति में एक अनुभवी चेहरा हैं, जिन्होंने लंबे समय तक भाजपा, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) और जनसंघ में सक्रिय भूमिका निभाई है।
16 वर्ष की उम्र में RSS से जुड़े
झारखंड और तेलंगाना के राज्यपाल का अतिरिक्त प्रभार संभाला
पुडुचेरी के उपराज्यपाल भी रहे
कोयंबटूर (तमिलनाडु) से लोकसभा सांसद रह चुके हैं
दक्षिण भारत में भाजपा को मजबूत करने में निभाई अहम भूमिका
उपराष्ट्रपति चुनाव 2025 का शेड्यूल
भारत के चुनाव आयोग ने उपराष्ट्रपति चुनाव 2025 के लिए आधिकारिक कार्यक्रम घोषित कर दिया है। अगर आवश्यक हुआ तो 9 सितंबर 2025 को मतदान और उसी दिन मतगणना करवाई जाएगी।
क्र.सं. प्रक्रिया तारीख
1 अधिसूचना जारी 7 अगस्त 2025 (गुरुवार)
2 नामांकन की अंतिम तिथि 21 अगस्त 2025 (गुरुवार)
3 नामांकन पत्रों की जांच 22 अगस्त 2025 (शुक्रवार)
4 नाम वापसी की अंतिम तिथि 25 अगस्त 2025 (सोमवार)
5 मतदान (यदि आवश्यक हुआ) 9 सितंबर 2025 (मंगलवार), सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक
6 मतगणना (यदि आवश्यक हुई) 9 सितंबर 2025 (मंगलवार)
राजनीतिक समीकरणों में बदलाव की संभावना
एनडीए द्वारा दक्षिण भारत से एक अनुभवी नेता को उम्मीदवार बनाए जाने से यह साफ संकेत मिलता है कि भाजपा अब दक्षिण भारत पर अपना ध्यान केंद्रित कर रही है। यह रणनीति 2029 के आम चुनावों के लिए जमीन तैयार करने की दिशा में देखा जा रहा है।




