उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के युवाओं के लिए बड़ा ऐलान किया है। लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में सीएम योगी ने घोषणा की कि राज्य सरकार आगामी 6 महीनों के भीतर 1 लाख युवाओं को सरकारी नौकरियों में नियुक्तियां प्रदान करेगी। उन्होंने बताया कि यह प्रक्रिया चरणबद्ध तरीके से चलेगी और आने वाले महीनों में हर सप्ताह चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे जाएंगे।
पारदर्शी भर्ती और 9.30 लाख नौकरियों का रिकॉर्ड
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने 3,446 प्राविधिक सहायकों और 126 मंडी सचिवों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस मौके पर उन्होंने कहा कि राज्य में बिना किसी भेदभाव और पूरी निष्पक्षता के साथ आरक्षण नियमों का पालन करते हुए योग्य उम्मीदवारों का चयन किया जा रहा है। सीएम योगी ने अपनी सरकार का आंकड़ा प्रस्तुत करते हुए बताया कि साल 2017 के बाद से अब तक प्रदेश में 9 लाख 30 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी जा चुकी है और किसी भी भर्ती पर कोई सवाल खड़ा नहीं हुआ है।
पूर्ववर्ती सरकार और नकल माफिया पर तीखा हमला
मुख्यमंत्री ने साल 2017 से पहले की व्यवस्था पर हमला बोलते हुए कहा कि पहले भर्ती विज्ञापन निकलते ही भ्रष्टाचार और वसूली का खेल शुरू हो जाता था, जिसके चलते भर्तियां कोर्ट में अटक जाती थीं और युवाओं का समय व उम्र बर्बाद होती थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार ने नकल माफिया और संस्थानों में बैठे बिचौलियों की कमर तोड़ दी है और युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों पर कड़ी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।








