जसोला हादसे पर CM रेखा गुप्ता का बड़ा एक्शन, JE सस्पेंड; तीसरे दिन भी मिथुन लापता

SHARE:

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के जसोला इलाके में खुले नाले में गिरे 15 वर्षीय मिथुन की तलाश सोमवार को तीसरे दिन भी जारी रही, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। मामले को लेकर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सख्त रुख अपनाते हुए जिम्मेदार अधिकारी के खिलाफ तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव को एक घंटे के भीतर जिम्मेदारी तय कर संबंधित अधिकारी को निलंबित करने का आदेश दिया।

मुख्यमंत्री के निर्देश के तुरंत बाद एमसीडी ने लाजपत नगर दक्षिण-पूर्वी जोन के जूनियर इंजीनियर अनुज कुमार को काम में लापरवाही के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। इस कार्रवाई के बाद नगर निगम और प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।

शनिवार से जारी है मिथुन की तलाश

जानकारी के मुताबिक, 15 वर्षीय मिथुन शनिवार को कटी हुई पतंग के पीछे भागते समय जसोला इलाके में स्थित एक खुले नाले में गिर गया था। घटना के बाद से ही उसकी तलाश के लिए बड़े स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। एनडीआरएफ समेत कई एजेंसियां लगातार बच्चे को खोजने में जुटी हैं।

सोमवार को भी नाले और उसके आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन रेस्क्यू टीमों को अब तक कोई ठोस सुराग नहीं मिला है। तेज बहाव, गंदा पानी और आसपास मौजूद घनी झाड़ियों के कारण बचाव दल को अभियान में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।

बेटे की तलाश में खुद नाले में उतरे पिता

मिथुन के लापता होने के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। बच्चे के पिता अवधेश ने प्रशासन और रेस्क्यू टीमों की कार्रवाई को लेकर नाराजगी जताई। बेटे को खोजने की बेबसी में वह खुद नाले के तेज और गंदे पानी में उतर गए और उसकी तलाश करने की कोशिश की।

परिजनों का आरोप है कि बच्चे की तलाश में अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है। वहीं, स्थानीय लोगों में भी प्रशासन के खिलाफ गुस्सा है। लोगों का सवाल है कि जिस नाले के खुले होने से इस तरह का हादसा हो सकता था, उसे पहले से सुरक्षित क्यों नहीं किया गया।

मुख्यमंत्री ने जताई नाराजगी, कहा- सुरक्षा से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं

घटना की जानकारी मिलने के बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मामले पर दुख और नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनता की सुरक्षा से किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव को जिम्मेदारी तय करते हुए तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

इसके बाद लाजपत नगर के उपायुक्त डॉ. सचिन गुप्ता की ओर से जेई अनुज कुमार के निलंबन का आदेश जारी कर दिया गया।

फिलहाल मिथुन की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। परिवार और स्थानीय लोगों की नजरें इस अभियान पर टिकी हुई हैं। वहीं, इस घटना ने दिल्ली में खुले नालों और उनकी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Kinni Times
Author: Kinni Times

सबसे ज्यादा पड़ गई