उत्तर प्रदेश की राजनीति में उस समय हलचल मच गई जब योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (SBSP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर को जान से मारने की धमकी मिली। इस धमकी को लेकर मंत्री के पीआरओ ने लखनऊ के हजरतगंज थाने में तहरीर दी है। धमकी की गंभीरता को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था और सियासी तनाव दोनों पर सवाल खड़े हो गए हैं।
सोशल मीडिया पर मिली धमकी, दर्ज कराई गई तहरीर
मंत्री को मिली यह धमकी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर दी गई, जिसमें गोली मारने जैसी आपत्तिजनक बातें स्पष्ट रूप से लिखी गई थीं। इस पोस्ट को करणी सेना बलिया के जिलाध्यक्ष के फेसबुक पेज से जारी किया गया बताया जा रहा है तहरीर में कहा गया है कि इस तरह की हिंसात्मक भाषा और खुलेआम धमकी से मंत्री और उनके पार्टी कार्यकर्ताओं में भय का माहौल बन गया है।
मंत्री की जान को खतरा, पुलिस से मांगी गई सुरक्षा
पीआरओ द्वारा दी गई तहरीर में यह स्पष्ट किया गया है कि मंत्री ओम प्रकाश राजभर लगातार विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेते हैं। इस वजह से उनकी जान को वास्तविक खतरा है, और ऐसे में घात लगाकर हमले की आशंका को नकारा नहीं जा सकता। पुलिस से यह भी अपील की गई है कि मंत्री के कार्यक्रमों में सुरक्षा के विशेष इंतज़ाम किए जाएं।
पुलिस से की गई सख्त कार्रवाई की मांग
तहरीर में कहा गया है कि धमकी देने वाले के खिलाफ कठोर से कठोर कार्रवाई की जाए ताकि समाज में कानून व्यवस्था बनी रहे। धमकी देने का प्रयास केवल एक व्यक्ति को नहीं, बल्कि समाज और पार्टी को भयभीत करने की कोशिश है।
वाराणसी में ठाकुर बनाम राजभर विवाद से जुड़ी धमकी?
माना जा रहा है कि यह धमकी वाराणसी में ठाकुर और राजभर समुदाय के बीच हुए विवाद के बाद सामने आई है। यह विवाद तब शुरू हुआ जब एक गाय खेत में चली गई और छितौना गांव में दोनों समुदायों के बीच तनाव उत्पन्न हो गया। इसके बाद आरोप लगाया गया कि कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर के हस्तक्षेप पर ठाकुर परिवार पर एफआईआर दर्ज की गई, जिससे करणी सेना नाराज़ हो गई।
एसआईटी जांच शुरू, गांव में तैनात फोर्स
घटना की गंभीरता को देखते हुए यूपी पुलिस ने 4 आईपीएस अधिकारियों की एसआईटी (विशेष जांच टीम) गठित कर दी है। गांव में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है ताकि स्थिति नियंत्रण में रहे।
राजभर परिवार के सदस्य अस्पताल में भर्ती
राजभर समाज के लोगों ने आरोप लगाया है कि ठाकुर समुदाय के लोगों ने उनके साथ मारपीट की, जिससे कुछ लोग घायल हो गए। घायल सदस्यों को वाराणसी के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। अब धमकियों के बाद उनका भय और अधिक गहरा गया है।








