कैबिनेट का बड़ा फैसला: लोकसभा सीटें 50% बढ़ाने के प्रस्ताव को मंजूरी, महिला आरक्षण विधेयक में भी बदलाव

SHARE:

दिल्ली में शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय कैबिनेट की अहम बैठक हुई। बैठक में लोकसभा की सीटों में 50 फीसदी तक बढ़ोतरी करने के प्रस्ताव को मंजूरी दिए जाने की खबर है। इसके साथ ही महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े नए विधेयक को भी मंजूरी दी गई है। सरकार अगले सप्ताह से शुरू होने वाले संसद के विशेष सत्र में इस विधेयक को पेश कर सकती है।

सूत्रों के मुताबिक, सरकार लोकसभा की मौजूदा सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत तक इजाफा करने की तैयारी कर रही है। इस प्रस्ताव के तहत लोकसभा सीटों की नई संख्या 2051 तक लागू रखने की योजना है। सरकार का मानना है कि सीटों में बढ़ोतरी से परिसीमन के बाद राज्यों के प्रतिनिधित्व को लेकर उठने वाली चिंताओं को दूर करने में मदद मिलेगी।

दरअसल, परिसीमन के बाद अलग-अलग राज्यों की लोकसभा सीटों की संख्या में बदलाव हो सकता है। ऐसे में आशंका जताई जा रही थी कि जिन राज्यों ने जनसंख्या नियंत्रण के क्षेत्र में बेहतर काम किया है, उनके लोकसभा प्रतिनिधित्व पर असर पड़ सकता है। इसी चिंता को ध्यान में रखते हुए विधेयक में बदलाव किए गए हैं, ताकि परिसीमन के बाद किसी भी राज्य का प्रतिनिधित्व दूसरे राज्यों के मुकाबले कम न हो।

महिला आरक्षण से जुड़े इस विधेयक का उद्देश्य लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की व्यवस्था को आगे बढ़ाना है। सरकार चाहती है कि महिला आरक्षण को परिसीमन की प्रक्रिया के साथ लागू करने का रास्ता साफ हो सके।

कैबिनेट की यह बैठक शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे दिल्ली स्थित सेवा तीर्थ में हुई। अब सरकार की नजर संसद के विशेष सत्र पर है। सरकार इस सत्र में विधेयक पेश करने के साथ इसे पारित कराने की तैयारी में है। हालांकि, विधेयक के अंतिम प्रावधानों और लोकसभा सीटों की नई संख्या को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।

Kinni Times
Author: Kinni Times

सबसे ज्यादा पड़ गई