भारतीय जनता पार्टी ने सोमवार को अपनी नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान कर दिया। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की ओर से घोषित की गई नई टीम में कई वरिष्ठ नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गई हैं। पार्टी ने संगठन में अनुभव के साथ-साथ महिला और क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व को भी जगह दी है। नई नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।
वसुंधरा राजे को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया
नई टीम में स्मृति ईरानी को राष्ट्रीय महासचिव की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। इसके अलावा राम माधव और बैजयंत पांडा समेत कई वरिष्ठ नेताओं को भी राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी मिली है। पार्टी की ओर से कुल 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, 8 राष्ट्रीय महासचिव और 16 राष्ट्रीय सचिव नियुक्त किए गए हैं। बीजेपी की नई टीम में संगठनात्मक अनुभव के साथ सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन पर भी ध्यान दिया गया है। राष्ट्रीय उपाध्यक्षों की सूची में महिलाओं को भी महत्वपूर्ण प्रतिनिधित्व मिला है। वहीं राष्ट्रीय महासचिवों की टीम में स्मृति ईरानी के साथ विनोद तावड़े समेत कई प्रमुख नेताओं को जगह दी गई है।
राज्य का प्रतिनिधित्व इसी नजरिए से देखा जा रहा
बीएल संतोष को राष्ट्रीय महासचिव संगठन की जिम्मेदारी जारी रखी गई है। इसके अलावा केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष बनाया गया है। पार्टी ने 16 राष्ट्रीय सचिवों की भी नियुक्ति की है, जिनमें अनिल एंटनी और रोहन गुप्ता समेत कई नाम शामिल हैं। इस फेरबदल के जरिए बीजेपी ने राष्ट्रीय संगठन में नए चेहरों और अनुभवी नेताओं के बीच संतुलन बनाने की कोशिश की है। नई टीम में उत्तर प्रदेश को भी खास महत्व दिया गया है। उत्तर प्रदेश में अगले साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होने हैं, ऐसे में संगठन में राज्य से जुड़े नेताओं और जिम्मेदारियों को राजनीतिक तौर पर महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पार्टी के लिए उत्तर प्रदेश आगामी चुनावी रणनीति का एक अहम केंद्र है और नई राष्ट्रीय टीम में राज्य का प्रतिनिधित्व इसी नजरिए से देखा जा रहा है।








