उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले से एक हृदयविदारक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। दिल्ली-मेरठ मार्ग पर स्थित कादराबाद गांव के पास शनिवार देर रात एक तेज रफ्तार एंबुलेंस ने कांवड़ यात्रा पर निकले युवकों को कुचल दिया। इस दर्दनाक घटना में दो कांवड़ियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
हरिद्वार जल लेने जा रहे थे कांवड़िए
हादसे में घायल युवक कांवड़ यात्रा के लिए हरिद्वार जा रहे थे। वे बाइक और स्कूटी पर सवार थे और रात करीब 11:45 बजे दिल्ली-मेरठ हाइवे पर कादराबाद के पास पहुंचे थे। उसी दौरान सामने से आ रही जीवन अस्पताल की एंबुलेंस ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पर सवार कांवड़िए उछलकर सड़क पर गिर पड़े।
मृतकों की पहचान नहीं, घायलों का अस्पताल में इलाज
अब तक मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को मोदीनगर के जीवन अस्पताल और मेरठ के सुभारती अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है और उनका इलाज जारी है।
किसकी है ये एंबुलेंस?
जिस एंबुलेंस से यह हादसा हुआ, वह जीवन अस्पताल, मोदीनगर की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक यह अस्पताल भाजपा विधायक मंजू सिवाच के पति देवेंद्र सिवाच का है।
प्रशासन मौके पर, पुलिस ने एंबुलेंस जब्त की
घटना की जानकारी मिलते ही एसीपी मोदीनगर ज्ञान प्रकाश राय और थाना प्रभारी नरेश शर्मा मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। पुलिस ने एंबुलेंस को कब्जे में ले लिया है।
डीसीपी देहात सुरेंद्रनाथ तिवारी ने जानकारी देते हुए कहा कि, “एक एंबुलेंस से हादसा हुआ है, जिसमें हरिद्वार जा रहे पांच लोग घायल हुए हैं। दो की मौत हो चुकी है और बाकी को इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। मृतकों की शिनाख्त की जा रही है।”
कांवड़ यात्रा पर फिर उठा सुरक्षा पर सवाल
हर साल कांवड़ यात्रा में लाखों श्रद्धालु भाग लेते हैं। ऐसे में यात्रियों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन पर सवाल उठने लगे हैं। इस हादसे ने फिर यह मुद्दा गर्म कर दिया है कि क्या हाईवे पर कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम हैं?
आगे की जांच जारी
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। वहीं, अस्पताल और एंबुलेंस से जुड़े दस्तावेज भी खंगाले जा रहे हैं। प्रशासन यह जांच भी कर रहा है कि एंबुलेंस उस समय कहां जा रही थी और उसमें कौन मौजूद था।








