पंजाब के अमृतसर जिले में गोलीबारी की घटना में आम आदमी पार्टी (AAP) की महिला सरपंच के बेटे तीरथ सिंह की मौत हो गई। हमले में उसका दोस्त रंजीत सिंह भी घायल हुआ है। वारदात के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस शुरुआती जांच में इसे पुरानी निजी रंजिश से जुड़ा मामला मान रही है।
गुरुद्वारे में माथा टेकने पहुंचे थे तीरथ और उसका दोस्त
जानकारी के मुताबिक, अमृतसर के चीते कलां गांव में सोमवार शाम करीब 7:30 बजे यह घटना हुई। तीरथ सिंह अपने दोस्त रंजीत सिंह के साथ गुरुद्वारे में माथा टेकने पहुंचा था। इसी दौरान कुछ हमलावरों ने दोनों पर गोलियां चला दीं।
बताया जा रहा है कि हमलावरों ने करीब 7 से 8 राउंड फायरिंग की। इस दौरान तीरथ सिंह को दो गोलियां लगीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, रंजीत सिंह की जांघ में गोली लगी। घायल रंजीत को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार, उसकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है।
चार आरोपियों की पहचान, गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
पुलिस ने मामले में चार आरोपियों की पहचान की है। इनमें गुरजंट, गोरा, हरकीरत उर्फ हॉकी और गुरदित्त सिंह के नाम शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज कर ली है। उनकी गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर छापेमारी की जा रही है।
राजनीतिक परिवार से ताल्लुक रखता था मृतक
तीरथ सिंह का परिवार स्थानीय राजनीति से जुड़ा हुआ है। उसकी मां गांव की सरपंच हैं, जबकि उसका भाई ब्लॉक समिति का सदस्य है। घटना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
अमृतसर देहाती के एसएसपी कवलप्रीत सिंह चहल के मुताबिक, शुरुआती जांच में यह मामला गैंगवार का नहीं, बल्कि आपसी रंजिश का प्रतीत हो रहा है। पुलिस आरोपियों को पकड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।








