दिल्ली के घूमठ रोड, सतबड़ी (नियर पुलिस चौकी, थाना मैदानगढ़ी) खसरा नंबर 1127 समेत और कई इलाको में NBCC कंपनी द्वारा हरे-भरे पेड़ों की अवैध कटाई किए जाने का गंभीर आरोप लगा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, कंपनी बिना किसी सरकारी अनुमति के पेड़ों को तेज़ी से काट रही है।
डीजल से चलने वाली पोकलैंड मशीन का उपयोग
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कटाई के लिए डीजल से चलने वाली पोकलैंड मशीन का इस्तेमाल किया जा रहा है। दिल्ली में प्रदूषण नियंत्रण के तहत डीजल मशीनों के उपयोग पर रोक लगी हुई है, इसके बावजूद खुलेआम कटाई जारी है।
Forest विभाग और पुलिस पर मिलीभगत का आरोप
लोगों का आरोप है कि उन्होंने कई बार Forest विभाग और स्थानीय पुलिस को अवैध कटाई की जानकारी दी, लेकिन किसी ने भी मौके पर पहुँचकर कार्रवाई नहीं की। निवासी कहते हैं कि विभागों की चुप्पी से यह साफ है कि मामले में मिलीभगत हो सकती है। जब शिकायतकर्ता ने आपातकालीन नंबर 112 पर शिकायत की, तो भी कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुँचा।
दिल्ली पहले ही जहरीले प्रदूषण से जूझ रही है। ऐसे समय में हरे पेड़ों की कटाई पर्यावरण के लिए बड़ा खतरा है। NBCC जैसी सरकारी कंपनी का नाम सामने आना चिंता बढ़ाता है । डीज़ल मशीन प्रयोग पर रोक के बावजूद काम जारी रहना प्रशासनिक लापरवाही दर्शाता है। विभागों पर मिलीभगत के आरोप जनता के भरोसे को कमजोर करते हैं।
स्थानीय लोग मांग रहे हैं तत्काल कार्रवाई
क्षेत्र के निवासियों ने दिल्ली सरकार, पर्यावरण विभाग और उपराज्यपाल से तुरंत जांच कर अवैध कटाई रोकने की मांग की है।साथ ही संबंधित अधिकारियों और कंपनी पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की अपील की है।







