दिल्ली: यूट्यूबर ध्रुव राठी की बढ़ीं कानूनी मुश्किलें, 2018 के मानहानि मामले में कोर्ट ने जारी किया गैर-जमानती वारंट

SHARE:

नई दिल्ली। मशहूर यूट्यूबर ध्रुव राठी की कानूनी मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। साल 2018 के मानहानि मामले में दिल्ली की साकेत अदालत ने उनके खिलाफ गैर-जमानती वारंट (NBW) जारी किया है। अदालत ने यह कार्रवाई लगातार सुनवाई के दौरान पेश नहीं होने के कारण की है। इससे पहले भी उनके खिलाफ दो वारंट जारी किए जा चुके हैं।

मामले की सुनवाई मजिस्ट्रेट अनम रईस खान की अदालत में हुई। यह शिकायत विकास पांडे उर्फ सांकृत्यायन की ओर से दायर की गई थी। अदालत ने ध्रुव राठी की लगातार गैरमौजूदगी को देखते हुए गैर-जमानती वारंट जारी करने का आदेश दिया। मामले की अगली सुनवाई 3 दिसंबर को निर्धारित की गई है।

क्या है 2018 का मानहानि मामला?

जानकारी के मुताबिक, वर्ष 2018 में विकास पांडे ने ध्रुव राठी के खिलाफ मानहानि की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत का संबंध ध्रुव राठी के यूट्यूब चैनल पर अपलोड किए गए एक वीडियो से है, जिसमें शिकायतकर्ता के बारे में कथित तौर पर आपत्तिजनक बातें कही गई थीं।

इस मामले में जुलाई 2019 में पहली बार ध्रुव राठी के खिलाफ समन जारी किया गया था। वहीं, बीते अक्टूबर महीने में अदालत ने उनके खिलाफ जमानती वारंट जारी किया था। अदालत को बताया गया था कि नोटिस तामील कराने के लिए पहुंचने पर उनका ठिकाना बंद मिला था। अब लगातार अदालत में पेश नहीं होने के चलते गैर-जमानती वारंट जारी किया गया है।

दिल्ली के प्रदर्शन में शामिल होने भी आए थे ध्रुव राठी

गौरतलब है कि हाल ही में ध्रुव राठी कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के दिल्ली में आयोजित प्रदर्शनों में शामिल होने के लिए भारत आए थे। उन्होंने बेंगलुरु में एक कार्यक्रम में हिस्सा लिया था। इसके बाद 10 अक्टूबर को आंदोलन में भाग लेने के लिए दिल्ली पहुंचे थे। खबर के मुताबिक, इस दौरान उन्हें गुरुग्राम स्थित उनके घर से हिरासत में लिया गया था।

कौन हैं ध्रुव राठी?

ध्रुव राठी देश के चर्चित यूट्यूबर्स में शामिल हैं। वह सामाजिक, राजनीतिक और पर्यावरण से जुड़े मुद्दों पर वीडियो बनाते हैं। उनके वीडियो सोशल मीडिया पर काफी लोकप्रिय रहते हैं। उनके यूट्यूब चैनल पर करोड़ों सब्सक्राइबर हैं। उनके वीडियो को लेकर जहां बड़ी संख्या में लोग अपनी प्रतिक्रिया देते हैं, वहीं कुछ आलोचक उन पर मुद्दों को एकतरफा तरीके से प्रस्तुत करने का आरोप भी लगाते रहे हैं।

अब इस मामले में सभी की नजरें 3 दिसंबर को होने वाली अगली सुनवाई पर टिकी हैं।

Kinni Times
Author: Kinni Times

सबसे ज्यादा पड़ गई