अहमदाबाद: गुजरात के अहमदाबाद में हुए हिट एंड रन मामले में पुलिस ने बीजेपी विधायक दिनेश कुशवाहा के भतीजे राघवेंद्र कुशवाहा को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उनकी तेज रफ्तार रेंज रोवर कार ने एक रैपिडो बाइक को टक्कर मार दी थी। इस हादसे में बाइक पर पीछे बैठे यात्री की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि बाइक चालक घायल हो गया।
पुलिस के मुताबिक, यह दुर्घटना 11 नवंबर 2026 को सुबह करीब 6:45 से 7 बजे के बीच शिलाज सर्कल के पास गुरुकृपा ट्रेडर्स चौराहे पर हुई थी। बताया जा रहा है कि रैपिडो बाइक चालक प्रदीप डडवाल यात्री हर्षदकुमार नरसिंह पुरबिया को लेकर घाटलोडिया से शिलाज की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आई एक तेज रफ्तार रेंज रोवर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे के बाद चालक मौके से हुआ फरार
टक्कर के बाद कार चालक कथित तौर पर मौके से फरार हो गया। हादसे में बाइक पर सवार हर्षदकुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए सोला सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं, बाइक चला रहे प्रदीप डडवाल को भी चोटें आईं।
घटना के बाद बाइक चालक ने कार के नंबर के आधार पर बोपल पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई।
CCTV फुटेज से हुई आरोपी की पहचान
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और कार की रजिस्ट्रेशन प्लेट के आधार पर जांच शुरू की। जांच के दौरान कार चालक की पहचान राघवेंद्र कुशवाहा के रूप में हुई। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया और कथित तौर पर हादसे में शामिल रेंज रोवर कार भी जब्त कर ली।
बताया गया है कि राघवेंद्र कुशवाहा रियल एस्टेट कारोबार से जुड़े हैं और बापूनगर से बीजेपी विधायक दिनेश कुशवाहा के भतीजे हैं।
गिरफ्तारी के बाद थाने से मिली जमानत
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और दुर्घटना में मौत होने से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। हालांकि, गिरफ्तारी के बाद आरोपी को पुलिस स्टेशन से ही जमानत मिल गई।
फिलहाल पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि संबंधित वाहन के खिलाफ पहले से कोई ट्रैफिक चालान या नियम उल्लंघन का रिकॉर्ड है या नहीं।
इस घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और दुर्घटना के बाद मौके से फरार होने वाले वाहन चालकों की जिम्मेदारी को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।








