उमर अब्दुल्ला ने पत्रकार निधि राजदान से की शादी, सोशल मीडिया पर शेयर की पहली तस्वीर

SHARE:

 

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने पत्रकार निधि राजदान के साथ शादी कर ली है। शनिवार को उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी शादी की जानकारी साझा की। उमर अब्दुल्ला ने इंस्टाग्राम पर निधि राजदान के साथ एक तस्वीर पोस्ट करते हुए लिखा, ‘कल से एक नए सफर की शुरुआत हुई।’ उन्होंने इस पोस्ट में निधि राजदान को टैग भी किया। इसके अलावा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी उन्होंने अपनी शादी की पुष्टि की।

उमर अब्दुल्ला की शादी की खबर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर उन्हें बधाइयां मिलने लगीं। यह शादी उनकी पहली पत्नी पायल अब्दुल्ला से तलाक को सुप्रीम कोर्ट की मंजूरी मिलने के करीब तीन महीने बाद हुई है।

जुलाई में सुप्रीम कोर्ट ने दी थी तलाक को मंजूरी

दरअसल, 31 जुलाई 2026 को सुप्रीम कोर्ट ने उमर अब्दुल्ला और उनकी पहली पत्नी पायल अब्दुल्ला के विवाह को समाप्त करने का आदेश दिया था। सुनवाई के दौरान दोनों पक्षों ने अदालत को बताया था कि वे आपसी सहमति से अपने वैवाहिक रिश्ते को खत्म करना चाहते हैं। साथ ही दोनों ने लंबित विवादों को सुलझाने और एक-दूसरे के खिलाफ दर्ज मामलों को वापस लेने पर भी सहमति जताई थी।

अनुच्छेद 142 के तहत दाखिल की थी याचिका

यह मामला सुप्रीम कोर्ट तब पहुंचा था, जब उमर अब्दुल्ला ने दिल्ली हाईकोर्ट के उस फैसले को चुनौती दी थी, जिसमें उन्हें तलाक देने से इनकार कर दिया गया था। इसके बाद सुप्रीम कोर्ट में दोनों पक्षों ने संविधान के अनुच्छेद 142 के तहत आपसी सहमति से तलाक की मांग करते हुए संयुक्त आवेदन दाखिल किया था।

दोनों की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल ने अदालत को बताया था कि उमर और पायल अपने मतभेद सुलझा चुके हैं और सभी विवादों को आपसी सहमति से समाप्त करना चाहते हैं।

1994 में हुई थी उमर और पायल की शादी

उमर अब्दुल्ला और पायल अब्दुल्ला की शादी साल 1994 में हुई थी। दोनों की मुलाकात दिल्ली के ओबेरॉय होटल में काम करने के दौरान हुई थी। इस शादी से उनके दो बेटे हैं, जिनके नाम जाहिर और जमीर हैं। दोनों साल 2009 से अलग रह रहे थे। उमर अब्दुल्ला ने साल 2011 में सार्वजनिक रूप से अपने अलग होने की जानकारी दी थी। सुप्रीम कोर्ट ने भी सुनवाई के दौरान दोनों के लंबे समय से अलग रहने का जिक्र किया था।

Kinni Times
Author: Kinni Times

सबसे ज्यादा पड़ गई