उत्तराखंड के जोशीमठ में बड़ा हेलीकॉप्टर हादसा, 6 यात्रियों की मौत की सूचना

SHARE:

 

 

उत्तराखंड के जोशीमठ क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक हेलीकॉप्टर हादसा हुआ। बदरीनाथ धाम से 6 यात्रियों को लेकर ऋषिकेश जा रहा ट्रांस कंपनी का हेलीकॉप्टर खराब मौसम के चलते चाई और थायंग गांव के ऊपर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में हेलीकॉप्टर सवार सभी 6 लोगों की मौत की सूचना सामने आ रही है।

 

चमोली के जिलाधिकारी गौरव कुमार के मुताबिक, सेना की ओर से प्रशासन को हेलीकॉप्टर दुर्घटना की जानकारी दी गई थी। इसके बाद प्रशासन ने मौके की लोकेशन ट्रेस की और हेलीकॉप्टर क्रैश होने की पुष्टि की।

 

सीएम पुष्कर सिंह धामी ने जताया दुख

 

हेलीकॉप्टर हादसे पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शोक जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि चाई गांव, जोशीमठ के पास हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त होने की दुर्भाग्यपूर्ण सूचना मिली है।

 

मुख्यमंत्री ने बताया कि जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग और एसडीआरएफ की टीमें संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चला रही हैं। उन्होंने कहा कि वह खुद भी पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

 

फिलहाल प्रशासन की ओर से राहत एवं बचाव कार्य से जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है। हादसे के कारणों और मृतकों की विस्तृत जानकारी का इंतजार है।

Kinni Times
Author: Kinni Times

सबसे ज्यादा पड़ गई