इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से फोन पर बातचीत की। इस दौरान उन्होंने पीएम मोदी को इजरायल के स्वतंत्रता दिवस पर एक वीर भारतीय पायलट के साथ मशाल प्रज्वलित करने के लिए आमंत्रित किया। यह पायलट कैप्टन स्मित मच्छार हैं, जिन्होंने दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान में 170 से अधिक यात्रियों की जान बचाने में अहम भूमिका निभाई थी।
नेतन्याहू ने सोशल मीडिया पर दी जानकारी
बेंजामिन नेतन्याहू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर पीएम मोदी के साथ हुई बातचीत की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भारतीय प्रधानमंत्री को इजरायल के स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होने और वीर पायलट के साथ मशाल प्रज्वलित करने का निमंत्रण दिया गया है।
नेतन्याहू के मुताबिक, पीएम मोदी ने निमंत्रण के लिए उनका आभार जताया। बातचीत में दोनों नेताओं ने आतंकवाद के खिलाफ भारत और इजरायल के सहयोग तथा दोनों देशों के पुराने और मजबूत संबंधों का भी उल्लेख किया।
इससे पहले इजरायल के राष्ट्रपति भी कैप्टन स्मित मच्छार को आमंत्रित कर चुके हैं। उनके साहस और बहादुरी के सम्मान में इजरायल के सर्वोच्च नागरिक वीरता सम्मान की घोषणा भी की गई थी।
पीएम मोदी ने क्या कहा?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी नेतन्याहू के साथ हुई बातचीत के बारे में सोशल मीडिया पर जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं ने भारत-इजरायल द्विपक्षीय संबंधों में जारी प्रगति की समीक्षा की और साझेदारी को और मजबूत बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई।
पीएम मोदी ने बताया कि बातचीत के दौरान पश्चिम एशिया के मौजूदा हालात पर भी चर्चा हुई। दोनों नेताओं ने क्षेत्र में शांति और स्थिरता बहाल करने की तत्काल जरूरत पर जोर दिया।
शांति और कूटनीति पर भारत का जोर
प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) के अनुसार, पीएम मोदी ने बातचीत के दौरान शांति और स्थिरता स्थापित करने के लिए संवाद और कूटनीति को आगे बढ़ाने की भारत की नीति दोहराई।
दोनों प्रधानमंत्रियों ने भारत और इजरायल के बीच विशेष रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने पर सहमति जताई। साथ ही पश्चिम एशिया में हाल के घटनाक्रमों पर विचारों का आदान-प्रदान किया।
कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी और इजरायल के स्वतंत्रता दिवस समारोह में उन्हें दिए जाने वाले सम्मान को लेकर यह घटनाक्रम भारत-इजरायल संबंधों के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।








