पटना: बिहार की राजनीति में आरजेडी की कमान को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने बड़ा बयान दिया है। रोहिणी आचार्य ने साफ किया कि फिलहाल उनका राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाने या आरजेडी की कमान संभालने का कोई फैसला नहीं है। उन्होंने कहा कि वह अपने पिता लालू प्रसाद यादव की देखभाल के लिए बिहार आई हैं और इस समय उनका पूरा ध्यान माता-पिता की सेवा पर है।
‘पापा के साथ ही बीत रहा पूरा दिन’
रोहिणी आचार्य ने बातचीत के दौरान अपने पिता के साथ बिताए जा रहे समय को लेकर कहा कि वह सुबह की सैर से लेकर रात के खाने तक लालू यादव के साथ रहती हैं। उन्होंने बताया कि काफी समय से बिहार आने का कार्यक्रम था, लेकिन व्यस्तता के कारण वह नहीं आ पा रही थीं। समय मिलते ही वह अपने पिता की सेहत और उनकी देखभाल के लिए यहां पहुंचीं।
रोहिणी ने कहा कि फिलहाल उनका पूरा समय अपने पिता को समर्पित है और वह उनके साथ रहकर उनकी देखभाल कर रही हैं।
RJD की कमान संभालने की अटकलों पर क्या बोलीं?
सोशल मीडिया पर रोहिणी आचार्य के आरजेडी की कमान संभालने की चल रही चर्चाओं पर उन्होंने इसे महज अटकल बताया। रोहिणी ने कहा कि ऐसी कोई बात नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह फिलहाल अपने पिता के लिए बिहार आई हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि लोग अपनी तरफ से कई तरह की बातें करते रहते हैं, लेकिन उन्होंने सोशल मीडिया पर पहले जो बातें कही हैं, वह आज भी उन पर कायम हैं।
राजनीति में आने के सवाल पर दिया सीधा जवाब
जब रोहिणी आचार्य से पूछा गया कि क्या वह आने वाले समय में सक्रिय राजनीति में कदम रखेंगी, तो उन्होंने कहा कि अभी इस बारे में कुछ कहना जल्दबाजी होगी। उनके मुताबिक, उनका जीवन अभी लंबा है और भविष्य में क्या होगा, यह वह अभी नहीं बता सकतीं।
रोहिणी ने कहा कि इस समय उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता माता-पिता की सेवा और उनकी सेहत है। उन्होंने साफ किया कि अभी वह क्या कर रही हैं, इस बारे में जरूर बता सकती हैं, लेकिन भविष्य की राजनीतिक भूमिका को लेकर कोई घोषणा नहीं कर सकतीं।
‘बिहार के विकास की चिंता हर किसी को’
रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया पर सक्रिय रहने को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर सक्रिय रहना कोई गलत बात नहीं है। उनका कहना है कि देश या विदेश में रहने वाला कोई भी भारतीय अपने देश और परिवार को लेकर चिंतित रहता है।
उन्होंने कहा कि उनकी भी इच्छा है कि बिहार विकास करे। हालांकि, उन्होंने इस समय राजनीतिक टिप्पणी करने से दूरी बनाए रखी और कहा कि राजनीति पर बात करने का भी एक समय आएगा।
रोहिणी आचार्य ने दिल्ली में चल रहे प्रदर्शन को अपना पूरा समर्थन भी दिया। उन्होंने कहा कि वह प्रदर्शनकारियों का 100 प्रतिशत समर्थन करती हैं।
इससे पहले आरजेडी की छह उम्मीदवारों वाली सूची सामने आने के बाद रोहिणी आचार्य अपने बयानों को लेकर सुर्खियों में आई थीं। उस दौरान उन्होंने पार्टी से जुड़े मुद्दों पर नाराजगी जाहिर करते हुए कई गंभीर आरोप लगाए थे।







