नई दिल्ली: नमो भारत में रोजाना सफर करने वाले यात्रियों के लिए NCRTC ने एक नई सुविधा शुरू की है। अब नियमित यात्री एक साथ कई यात्राओं के लिए ‘Trip Pass’ खरीद सकेंगे। इस सुविधा से यात्रियों को हर बार अलग टिकट लेने या बार-बार NCMC कार्ड रिचार्ज कराने की जरूरत कम होगी।
यह सुविधा खासतौर पर उन यात्रियों के लिए उपयोगी होगी, जो रोजाना एक ही शुरुआती स्टेशन से एक निश्चित गंतव्य स्टेशन के बीच यात्रा करते हैं।
रोजाना करीब 1.1 लाख यात्री कर रहे सफर
NCRTC के अनुसार, नमो भारत में रोजाना करीब 1.1 लाख यात्री सफर कर रहे हैं। इनमें बड़ी संख्या ऐसे यात्रियों की है, जो नियमित रूप से एक निश्चित रूट पर यात्रा करते हैं। ऐसे यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ट्रिप पास की शुरुआत की गई है।
यात्री अपनी जरूरत के अनुसार 1 से 40 यात्राओं तक का Trip Pass खरीद सकते हैं। इसे NCMC कार्ड में लोड करने के बाद संबंधित शुरुआती और गंतव्य स्टेशन के बीच यात्रा करने पर एक यात्रा अपने आप पास के बैलेंस से कम हो जाएगी।
अलग-अलग अवधि के लिए उपलब्ध होंगे Trip Pass
NCRTC ने यात्रियों की जरूरत के अनुसार अलग-अलग संख्या और वैधता अवधि वाले ट्रिप पास उपलब्ध कराए हैं।
दूसरे स्टेशन पर उतरने पर पास से नहीं कटेगा किराया
ट्रिप पास केवल निर्धारित शुरुआती और गंतव्य स्टेशन के बीच की यात्रा के लिए मान्य होगा। यदि यात्री तय रूट से अलग किसी स्टेशन के बीच यात्रा करता है तो उस यात्रा का किराया NCMC कार्ड के सामान्य खाते से काटा जाएगा।
उदाहरण के तौर पर, यदि किसी यात्री ने सराय काले खां से बेगमपुल तक का ट्रिप पास लिया है और वह बीच के किसी स्टेशन पर उतरता है, तो उस यात्रा का किराया ट्रिप पास से नहीं बल्कि NCMC कार्ड के सामान्य बैलेंस से लिया जाएगा।
इसी तरह यदि यात्री निर्धारित गंतव्य स्टेशन से आगे की यात्रा करता है तो अतिरिक्त दूरी का किराया देना होगा। इसके लिए NCMC कार्ड के सामान्य खाते में पर्याप्त राशि होना जरूरी होगा।
कुछ Trip Pass पर रिफंड की सुविधा
NCRTC के अनुसार, 15, 20 और 40 यात्राओं वाले Trip Pass को वापस करने की सुविधा उपलब्ध होगी। हालांकि, ऐसे पास को रिफंड करने पर 200 रुपये की प्रशासनिक फीस काटी जाएगी।
वहीं 1, 2, 5 और 10 यात्राओं वाले Trip Pass वापस नहीं किए जा सकेंगे।
नियमित यात्रियों को मिलेगी सुविधा
नई Trip Pass सुविधा से रोजाना नमो भारत से आने-जाने वाले यात्रियों को टिकट खरीदने और कार्ड रिचार्ज करने की प्रक्रिया में सुविधा मिलने की उम्मीद है। खासतौर पर नौकरी, कारोबार या अन्य नियमित काम के लिए एक ही रूट पर सफर करने वाले यात्रियों को इससे लाभ मिल सकता है।
हालांकि, यात्रियों को यह ध्यान रखना होगा कि Trip Pass का इस्तेमाल केवल उसी शुरुआती और गंतव्य स्टेशन के बीच किया जा सकता है, जिसके लिए पास जारी किया गया है। अन्य यात्रा के लिए NCMC कार्ड के सामान्य खाते से किराया लिया जाएगा।








