महराजगंज: फैमिली कोर्ट बना अखाड़ा! सुनवाई के बाद चले लात-घूंसे, पति ने पत्नी का दबाया गला; वीडियो वायरल

SHARE:

महराजगंज: उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिला मुख्यालय स्थित फैमिली कोर्ट परिसर में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक पारिवारिक विवाद की सुनवाई के बाद पति-पत्नी और उनके परिजन आपस में ही भिड़ गए। देखते ही देखते अदालत का गलियारा अखाड़ा बन गया और दोनों पक्षों के बीच जमकर लात-घूंसे और थप्पड़ चले। इस पूरी घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया।

भरण-पोषण (Maintenance) मामले की थी सुनवाई

प्राप्त जानकारी के अनुसार, समर्थधीरा गांव निवासी प्रिया त्रिपाठी का विवाह कोइलादड़ निवासी मनीष कुमार मिश्रा के साथ हुआ था। शादी के कुछ समय बाद से ही दोनों के बीच अनबन रहने लगी, जिसके बाद मामला फैमिली कोर्ट पहुंचा।

मामले में भरण-पोषण (Maintenance) याचिका पर सुनवाई तय थी। दोपहर करीब 2 बजे प्रिया के पिता लक्ष्मीकांत की गवाही पूरी हुई। इसके बाद जैसे ही प्रिया, उनकी बहन प्रियंका और पिता कोर्ट रूम से बाहर निकलकर भूतल (Ground Floor) स्थित हॉल में पहुंचे, वहां पहले से मौजूद ससुराल पक्ष से कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई।

बाल खींचे और गला दबाने की कोशिश: पीड़िता का आरोप

पीड़िता प्रिया त्रिपाठी ने आरोप लगाया कि उसके पति मनीष कुमार मिश्रा और उसके साथ आए एक अन्य व्यक्ति ने अचानक उन पर हमला कर दिया।

गंभीर आरोप: पीड़िता का कहना है कि मनीष ने उसके बाल पकड़कर उसे जमीन पर पटक दिया और गला दबाने का प्रयास किया।

बीच-बचाव में मारपीट: जब प्रिया के पिता और बहन उसे बचाने आए, तो आरोपियों ने उनके साथ भी हाथापाई और मारपीट की।

काउंटर अटैक: वहीं घटना के वायरल वीडियो में महिला पर हमले के बाद पीड़िता के पक्ष से आए एक व्यक्ति को आरोपी पति मनीष के चेहरे पर जोरदार थप्पड़ मारते हुए भी देखा गया।

पुलिस ने दर्ज किया केस, 2 आरोपी गिरफ्तार

अदालत परिसर में चीख-पुकार और हंगामा सुनकर मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने तुरंत दौड़कर स्थिति को संभाला और मामला शांत कराया। घटना के तुरंत बाद पीड़िता ने कोतवाली थाने पहुंचकर जान से मारने की धमकी मिलने और मारपीट की तहरीर दी।

मामले पर जानकारी देते हुए कोतवाली थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह ने बताया: “फैमिली कोर्ट परिसर में हुई मारपीट के संबंध में पीड़िता की शिकायत पर दो आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की आगे की विधिक जांच जारी है।”

Kinni Times
Author: Kinni Times

सबसे ज्यादा पड़ गई