टाटा संस की कमान अगले 5 साल भी संभालेंगे एन. चंद्रशेखरन, बोर्ड ने दी मंजूरी

SHARE:

नई दिल्ली: टाटा ग्रुप के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन को लेकर गुरुवार को बड़ा फैसला लिया गया है। 17 सितंबर 2026 को मुंबई में हुई टाटा संस की बोर्ड बैठक में उनके कार्यकाल को अगले पांच साल के लिए बढ़ाने को मंजूरी दे दी गई। चंद्रशेखरन का मौजूदा कार्यकाल फरवरी 2027 में समाप्त होने वाला था।

पांच साल के लिए फिर हुई नियुक्ति

टाटा संस की ओर से जारी बयान के मुताबिक, बोर्ड ने बहुमत से एन. चंद्रशेखरन को मौजूदा कार्यकाल पूरा होने के बाद अगले पांच साल के लिए एग्जीक्यूटिव चेयरमैन के तौर पर फिर से नियुक्त करने का फैसला किया है।

कंपनी ने बताया कि बोर्ड ने चंद्रशेखरन से दोबारा चेयरमैन पद संभालने के अपने फैसले पर पुनर्विचार करने का अनुरोध किया था, जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया।

पहले दोबारा पद संभालने से किया था इनकार

एन. चंद्रशेखरन की दोबारा नियुक्ति इसलिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि उन्होंने पिछले महीने संकेत दिया था कि वह अपने मौजूदा कार्यकाल के बाद चेयरमैन पद पर दोबारा नियुक्त नहीं होना चाहते।

उन्होंने नेतृत्व को लेकर स्पष्टता की जरूरत का भी जिक्र किया था। इससे टाटा ग्रुप में भविष्य के नेतृत्व को लेकर अटकलें तेज हो गई थीं। अब बोर्ड के नए फैसले के बाद चंद्रशेखरन का टाटा संस की कमान संभालना जारी रहेगा।

टाटा ट्रस्ट की ओर से मिला था समर्थन

चंद्रशेखरन के कार्यकाल के विस्तार को लेकर सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट और सर रतन टाटा ट्रस्ट ने बोर्ड बैठक से पहले सर्वसम्मति से सिफारिश की थी। हालांकि, इस मुद्दे पर कई महीनों से स्थिति स्पष्ट नहीं थी। अब बोर्ड के फैसले के बाद नेतृत्व को लेकर तस्वीर साफ हो गई है।

RBI के फैसले के बीच आया निर्णय

एन. चंद्रशेखरन के कार्यकाल के विस्तार का फैसला ऐसे समय में आया है जब टाटा संस को शेयर बाजार में लिस्टिंग से जुड़े नियमों को लेकर भी चुनौती का सामना करना पड़ रहा है। कुछ दिन पहले भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने टाटा संस को लिस्टिंग से छूट देने की मांग को खारिज कर दिया था। ऐसे में कंपनी को लागू नियमों के तहत आगे की प्रक्रिया पर फैसला लेना होगा।

2017 में संभाली थी टाटा संस की कमान

एन. चंद्रशेखरन ने साल 2017 में टाटा संस के चेयरमैन का पद संभाला था। इसके बाद 2022 में उन्हें दूसरी बार पांच साल के कार्यकाल के लिए नियुक्त किया गया। अब 2027 में शुरू होने वाला नया कार्यकाल उनका तीसरा कार्यकाल होगा।

उनका मौजूदा कार्यकाल फरवरी 2027 में समाप्त होगा, जिसके बाद नए पांच साल के कार्यकाल के तहत वह टाटा संस के एग्जीक्यूटिव चेयरमैन के रूप में जिम्मेदारी संभालते रहेंगे।

Kinni Times
Author: Kinni Times

सबसे ज्यादा पड़ गई