बॉक्स ऑफिस पर इस हफ्ते इमरान हाशमी की ‘आवारापन 2’ और सनी देओल स्टारर ‘बंटवारा 1947’ के बीच जबरदस्त मुकाबला देखने को मिल रहा है। हालांकि, कमाई के मामले में ‘आवारापन 2’ काफी बड़े अंतर से बढ़त बनाए हुए है। जहां इमरान की फिल्म ने केवल 5 दिनों में 100 करोड़ का क्लब पार कर लिया, वहीं सनी देओल की फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सुस्त रफ्तार से आगे बढ़ रही है।
‘आवारापन 2’ का 100 करोड़ का आंकड़ा पार
मोहित सूरी के निर्देशन में बनी साल 2007 की ब्लॉकबस्टर फिल्म के इस सीक्वल ने 22 करोड़ रुपये से धमाकेदार शुरुआत की थी। फिल्म ने दूसरे दिन 33.75 करोड़ और तीसरे दिन 26.25 करोड़ की कमाई की। चौथे और पांचवें दिन क्रमशः 9.25 करोड़ और 9.75 करोड़ बटोरते हुए फिल्म का 5 दिनों का नेट कलेक्शन 100.50 करोड़ रुपये पहुंच गया। छठे दिन शाम 6 बजे तक के शुरुआती आंकड़ों के अनुसार फिल्म 2.30 करोड़ रुपये बटोरकर 103.05 करोड़ के कुल कलेक्शन पर पहुंच चुकी है।
‘बंटवारा 1947’ का प्रदर्शन निराशाजनक
राजकुमार संतोषी निर्देशित ‘बंटवारा 1947’ में सनी देओल के साथ प्रीति जिंटा लंबे समय बाद बड़े पर्दे पर नजर आई हैं। 5.75 करोड़ की ओपनिंग के बाद फिल्म ने दूसरे दिन 13.50 करोड़ का कारोबार किया था, लेकिन इसके बाद कमाई में भारी गिरावट दर्ज की गई। 5 दिनों में भारत में 30.75 करोड़ रुपये कमाने वाली यह फिल्म छठे दिन शाम 6 बजे तक करीब 51 लाख रुपये ही जोड़ पाई है, जिससे इसका कुल कलेक्शन 31.26 करोड़ रुपये हो गया है।
फिलहाल बॉक्स ऑफिस के आंकड़े साफ इशारा कर रहे हैं कि दर्शक ‘आवारापन 2’ में इमरान हाशमी के ‘शिव पंडित’ वाले अवतार को ज्यादा पसंद कर रहे हैं।








