बाहर का खाना खाने और ऑनलाइन फूड ऑर्डर करने के शौकीनों के लिए एक बेहद सावधान करने वाली खबर सामने आई है। महाराष्ट्र में खाद्य और औषधि प्रशासन (FDA) ने स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा के कड़े नियमों का उल्लंघन करने पर डोमिनोज पिज्जा (Domino’s Pizza) के 4 आउटलेट्स के फूड लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिए हैं। राज्यव्यापी विशेष चेकिंग अभियान के तहत जब एफडीए की टीम ने इन आउटलेट्स का औचक निरीक्षण किया, तो रसोई में भारी गंदगी, बदबू, असुरक्षित तरीके से कच्ची सामग्री के भंडारण और नियमित पेस्ट कंट्रोल न कराए जाने जैसी गंभीर लापरवाहियां सामने आईं।
एफडीए ने ऐसी ही बड़ी कार्रवाई की
अधिकारियों के मुताबिक, इन आउटलेट्स में कॉकरोच और कीड़े-मकोड़ों से बचाव के कोई ठोस इंतजाम नहीं थे, जिससे सीधे तौर पर उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ हो रहा था। प्रशासन का यह कड़ा एक्शन सिर्फ डोमिनोज तक ही सीमित नहीं है। इससे ठीक पहले मुंबई के मलाड इलाके में क्विक-कॉमर्स प्लेटफॉर्म ब्लिंकिट (Blinkit) के एक बड़े डार्क स्टोर पर भी एफडीए ने ऐसी ही बड़ी कार्रवाई की थी।
सब्जियों के स्टॉक पर भारी संख्या में कॉकरोच
ब्लिंकिट के स्टोर में ताजे फल और सब्जियों के स्टॉक पर भारी संख्या में कॉकरोच, एक्सपायर्ड प्रोडक्ट्स और बेहद खराब स्टोरेज कंडीशंस पाई गई थीं, जिसके बाद उसका लाइसेंस भी रद्द कर संचालन पर रोक लगा दी गई थी। एफडीए ने साफ कर दिया है कि जब तक ये संस्थान खाद्य सुरक्षा के सभी मानकों को पूरा नहीं करते, तब तक इन्हें काम करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।








