आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेलने वाले बंगाल के विकेटकीपर-बल्लेबाज अभिषेक पोरेल को पश्चिम बंगाल की पुलिस ने हुगली जिले से गिरफ्तार कर लिया है. उन पर एक मेडिकल छात्रा ने शादी का झांसा देकर यौन संबंध बनाने, प्रताड़ित करने और निजी तस्वीरों का डर दिखाकर ब्लैकमेल करने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं. पीड़िता की शिकायत के अनुसार, दोनों के बीच लंबे समय से संबंध थे और शादी को लेकर परिवारों में बातचीत भी हुई थी, लेकिन बाद में क्रिकेटर अपने वादे से मुकर गए.
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि दिल्ली के एक दौरे के दौरान उन्हें एक कमरे में बंद कर खाना तक नहीं दिया गया और गंभीर मानसिक व शारीरिक प्रताड़ना दी गई. मामले में पुलिस की तरफ से कार्रवाई में देरी का आरोप लगाते हुए पीड़िता ने कलकत्ता हाई कोर्ट का रुख किया था. कलकत्ता हाई कोर्ट के कड़े रुख और गिरफ्तारी के आदेश के बाद हुगली की मोगरा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अभिषेक पोरेल को अपनी हिरासत में लिया.
कोर्ट के आदेशानुसार पुलिस ने क्रिकेटर के पास मौजूद सभी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और पेन ड्राइव भी जब्त कर forensic जांच के लिए भेज दिए हैं ताकि किसी भी तरह के निजी कंटेंट का दुरुपयोग न हो सके. गिरफ्तारी के बाद पोरेल का अनिवार्य मेडिकल परीक्षण कराया गया और उन्हें चुंचुड़ा कोर्ट में पेश किया गया.








