पटना में रफ्तार का कहर! तेज रफ्तार बस ने युवक को रौंदा, मौके पर मौत

SHARE:

राजधानी पटना के बाईपास थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे पर शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जहां एक बार फिर रफ्तार का कहर देखने को मिला। हाईवे पर तेज रफ्तार से आ रही एक अनियंत्रित बस ने 26 वर्षीय युवक मनीष कुमार को रौंद दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक को संभलने का जरा भी मौका नहीं मिला और उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

हादसे की सूचना जैसे ही आग की तरह फैली, मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिजन और भारी संख्या में स्थानीय लोग आक्रोशित होकर सड़कों पर उतर आए। उग्र भीड़ ने दुर्घटना के विरोध में नेशनल हाईवे को पूरी तरह जाम कर दिया और यातायात ठप कर दिया। गुस्साए लोगों ने बस चालक की तत्काल गिरफ्तारी, हाईवे पर वाहनों की बेकाबू रफ्तार पर लगाम लगाने और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिए जाने की मांग को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। सड़क जाम की वजह से हाईवे के दोनों ओर गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं और आवाजाही पूरी तरह बाधित हो गई।

लोग सड़क से हटने को तैयार हुए
घटना और हंगामे की जानकारी मिलते ही बाईपास थाने की पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने के प्रयास में जुट गई। पुलिस अधिकारियों ने आक्रोशित लोगों और परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराने की काफी कोशिश की। प्रशासन द्वारा दोषी ड्राइवर पर सख्त कार्रवाई करने और सरकारी नियमानुसार मुआवजा दिलाने का ठोस आश्वासन दिए जाने के बाद ही लोग सड़क से हटने को तैयार हुए। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और हाईवे पर दोबारा यातायात सुचारू रूप से शुरू कराया।

 

Kinni Times
Author: Kinni Times