प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फेसबुक पोस्ट को कुछ समय के लिए हटाए जाने का मामला अब एक बड़े राजनीतिक विवाद में तब्दील हो चुका है। जहां एक ओर संसद की सूचना प्रौद्योगिकी (IT) समिति ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘मेटा’ (Meta) के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है, वहीं दूसरी ओर तृणमूल कांग्रेस (TMC) की तेजतर्रार सांसद महुआ मोइत्रा ने मेटा के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) मार्क जुकरबर्ग का खुला समर्थन किया है।
माफी मांगने की बात सामने आई
सांसद महुआ मोइत्रा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर एक पोस्ट शेयर करते हुए मार्क जुकरबर्ग को सीधे संबोधित किया। उन्होंने लिखा: “हेलो मार्क, कृपया किसी के दबाव में न आएं और न ही किसी से माफी मांगें। भारत सरकार आम नागरिकों को डराती और धमकाती रहती है और अपनी आलोचना वाले कंटेंट को मनमाने ढंग से हटवाती है। गलती से कुछ घंटों के लिए एक वीडियो हट जाने से कोई आसमान नहीं टूट पड़ा” महुआ मोइत्रा का यह बयान उस समय आया जब संसदीय समिति की बैठक में मेटा के अधिकारियों द्वारा इस तकनीकी गलती के लिए खेद जताने और माफी मांगने की बात सामने आई थी







