हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। उदयपुर-किलाड़ मार्ग पर कडू नाला के पास पहाड़ी से भारी चट्टान और मलबा गिरने से एक टाटा सूमो टैक्सी उसकी चपेट में आ गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वाहन में सवार 13 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, यह टैक्सी तिंदी से पांगी की ओर जा रही थी। पिछले दिन सड़क बंद होने के कारण यात्री तिंदी में रुके हुए थे। शुक्रवार को मार्ग खुलने के बाद वाहन अपने गंतव्य के लिए रवाना हुआ, लेकिन कडू नाला के पास अचानक पहाड़ी से भारी चट्टानें और मलबा गिरने से यह भीषण हादसा हो गया।
राहत और बचाव अभियान जारी
हादसे की सूचना मिलते ही सीमा सड़क संगठन (BRO), लाहौल पुलिस, तिंदी थाना पुलिस और जिला प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। बचाव दल मलबा हटाकर वाहन तक पहुंचने और स्थिति का आकलन करने में जुटे हैं। पांगी के कार्यकारी आवासीय आयुक्त एवं एसडीएम भी घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं।
खराब मौसम बना चुनौती
लगातार बारिश और पहाड़ी से गिर रहे मलबे के कारण राहत एवं बचाव कार्य प्रभावित हो रहा है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे घटना से जुड़ी किसी भी अपुष्ट जानकारी या अफवाह पर भरोसा न करें और केवल आधिकारिक सूचना पर ही विश्वास करें।
मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी
प्रशासन ने बताया कि हादसे में जान गंवाने वाले लोगों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। सभी औपचारिक पुष्टि के बाद मृतकों की जानकारी सार्वजनिक की जाएगी। हादसे के कारणों की भी जांच की जा रही है।








