बैंकॉक के पब में भीषण आग, 27 लोगों की मौत; कई घायल, हादसे की जांच शुरू

SHARE:

थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में सोमवार तड़के एक दर्दनाक हादसा सामने आया। शहर के उत्तरी हिस्से में स्थित एक पब में अचानक भीषण आग लग गई, जिसमें कम से कम 27 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए। घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

मिली जानकारी के अनुसार, आधी रात के करीब पब में आग भड़क उठी और देखते ही देखते पूरे परिसर में फैल गई। आग इतनी तेज थी कि कुछ ही मिनटों में पूरा भवन धुएं और लपटों से घिर गया। मौके पर मौजूद लोग अपनी जान बचाने के लिए बाहर की ओर भागे, जबकि कई लोग अंदर ही फंस गए।

सूचना मिलते ही कई दमकल गाड़ियां और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे। दमकल कर्मियों ने करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इसके बाद बचाव अभियान चलाकर घायलों को बाहर निकाला गया और मृतकों के शव बरामद किए गए।

स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, आग से बचने के लिए कुछ लोगों ने पब के शौचालयों में शरण ली थी, लेकिन धुएं और आग की चपेट में आने से उनकी जान नहीं बच सकी। कई शव शौचालयों के भीतर से बरामद किए गए हैं।

थाईलैंड के प्रधानमंत्री अनुतिन चर्नविराकुल ने घटनास्थल का दौरा कर हादसे पर गहरा दुख जताया और मृतकों की संख्या की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच के आदेश दे दिए गए हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल प्रशासन यह पता लगाने में जुटा है कि आग किस वजह से लगी। शुरुआती जांच के साथ-साथ सुरक्षा मानकों और पब में मौजूद आपातकालीन व्यवस्था की भी जांच की जा रही है।

यह भी पढे

कमजोर मानसून को लेकर केंद्र अलर्ट https://kinnitimes.com/?p=31162

Kinni Times
Author: Kinni Times